बागपत में मानक पर खरे नहीं उतरे स्कूल वाहन, 17 का हुआ चालान
बागपत, 03 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के बागपत जनपद में स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर परिवहन विभाग ने शुक्रवार काे सख्त रुख अपनाते हुए विशेष जांच अभियान चलाया है। सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (एआरटीओ) विपिन कुमार एवं यात्री कर अधिकारी संदीप जयसवाल ने संयुक्त रूप से 14 विद्यालयों के वाहनों की जांच की है। इन स्कूलों के 17 वाहन निर्धारित सुरक्षा मानकों पर खरे नहीं उतरे, जिसके चलते मौके पर ही इनके चालान कर दिए गए।
बागपत जिले में स्कूल वाहनों पर सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। विभाग के अधिकारियों की जांच में 80 परसेंट वाहन अनफिट मिले और सुरक्षा नियमों की अवहेलना करते पाए गए। विभाग द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार विभागीय निरीक्षण के दौरान वाहनों की फिटनेस, अग्निशमन यंत्र (फायर एक्सटिंग्विशर), सीसीटीवी कैमरे, फर्स्ट एड बॉक्स समेत अन्य आवश्यक सुरक्षा व्यवस्थाओं की गहन जांच की गई। कई वाहनों में उपकरणों की कमी, फिटनेस प्रमाणपत्र की अनियमितता और अन्य तकनीकी खामियां सामने आईं। अधिकारियों ने संबंधित विद्यालय प्रबंधन को तत्काल कमियां दूर करने के निर्देश दिए।
एआरटीओ विपिन कुमार ने स्पष्ट किया कि बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि बिना फिटनेस प्रमाणपत्र या आवश्यक सुरक्षा मानकों के वाहन चलाने पर मोटर वाहन अधिनियम के तहत कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी। परिवहन विभाग ने सभी स्कूलों से नियमित वाहन जांच और रखरखाव सुनिश्चित करने की अपील की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन त्यागी