मीरजापुर: बड़ी शीतला माता धाम में 251 किलो खीर का भोग, उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

 


मीरजापुर, 28 अप्रैल (हि.स.)। चुनार क्षेत्र के अदलपुरा स्थित बड़ी शीतला माता धाम में वैशाख मास के शुक्ल पक्ष द्वादशी पर मंगलवार को विशेष पूजन-अर्चन के साथ 251 किलो दूध से बनी खीर का भोग लगाया गया।

परंपरा के अनुसार हर वर्ष इस तिथि पर मां को खीर अर्पित की जाती है। मंदिर में स्थानीय पुजारियों ने मां का भव्य श्रृंगार किया। साथ ही मारुका देवी झंडे के पास गंगाजल से भरा घड़ा स्थापित कर पंचमेवा की धार अर्पित की गई। धार्मिक अनुष्ठान के तहत सात कन्याओं और एक भैरव बाबा को खीर खिलाई गई।

मंदिर के पुजारी बलराम व श्रीनाथ ने बताया कि इस पूजा से गांव में सुख-शांति बनी रहती है और किसी भी विपत्ति से रक्षा होती है। सुबह से ही स्थानीय महिलाओं समेत वाराणसी सहित आसपास के जनपदों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन-पूजन के लिए पहुंचे। पूरे मंदिर परिसर में जयकारों से भक्तिमय माहौल बना रहा।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा