जिलाधिकारी ने किया बाबा नीम करोली धाम का स्थलीय निरीक्षण, पर्यटन विकास कार्यों एवं भव्य कॉरिडोर का लिया जायजा

 


फिरोजाबाद, 11 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले के जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने शुक्रवार को बाबा नीम करोली की जन्मस्थली ग्राम अकबरपुर, नागऊ का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने उत्तर प्रदेश पर्यटन नीति-2022 के अंतर्गत स्वीकृत नीम करोरी बाबा सर्किट तथा जन्मस्थली पर चल रहे व प्रस्तावित विकास कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की।

जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने बताया कि उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा पर्यटन नीति-2022 में संशोधन कर

नीम करोरी बाबा सर्किट को शामिल किया गया है। इस सर्किट में लखनऊ, फर्रुखाबाद, फिरोजाबाद बाबा की जन्मस्थली अकबरपुर, नागऊ एवं मथुरा, वृंदावन को जोड़ा गया है, जिससे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय स्तर पर रोजगार व निवेश के नए अवसर सृजित होंगे।

जिलाधिकारी ने जन्मस्थली पर जारी विकास कार्यों का विवरण देते हुए बताया कि फेज-01 (लागत 865.98 लाख रुपये, वर्ष 2023-24) के तहत डॉरमेट्री, रेस्तरां, सभा स्थल, डिजिटल लाइब्रेरी, सीसी रोड, सेप्टिक टैंक, समरसेबुल पंप तथा साइट डेवलपमेंट के कार्य कराए जा रहे हैं।

फेज-02 में लागत 222.47 लाख रुपए, वर्ष 2025-26) के अंतर्गत टॉयलेट ब्लॉक, गार्ड रूम, सीसी रोड, नाली, पेवर, ट्यूबवेल, बाह्य विद्युत कार्य एवं म्यूरल वर्क स्वीकृत हैं।

उन्होंने बताया ग्रामीण पर्यटन विकास लागत 55.44 लाख रुपये, वर्ष 2025-26 के तहत प्रवेश द्वार, साइनेज, बेंचेस, डस्टबिन आदि अवस्थापना सुविधाएं विकसित की जा रही हैं।

जिलाधिकारी ने कहा कि बाबा नीम करोली की जन्मस्थली के समग्र विकास के लिए पर्यटन विभाग द्वारा एक भव्य कॉरिडोर का निर्माण प्रस्तावित है। इसके लिए जन्मस्थली के समीप 05 हेक्टेयर से अधिक भूमि के क्रय की कार्यवाही तेजी से प्रक्रियाधीन है।

भूमि क्रय के उपरांत यहाँ भव्य प्रवेश द्वार, पर्यटन सुविधा केन्द्र व आश्रम, ध्यान एवं वेलनेस सेन्टर, बहुउद्देशीय सभा स्थल व पार्किंग, फूड कोर्ट, म्यूजियम एवं इंटरप्रिटेशन सेन्टर, ओपन एयर थिएटर तथा प्रसाद मण्डप, डाइनिंग हाल जैसी उच्च स्तरीय सुविधाएं तैयार की जाएंगी।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को सभी निर्माण कार्यों को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने के कड़े निर्देश दिए। इस दौरान उप जिलाधिकारी टूण्डला व सम्बन्धित जिला स्तरीय अधिकारी आदि उपस्थित रहें।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़