आयुक्त ने डीएम के साथ लिया होमगार्ड भर्ती परीक्षा का जायजा, दिए निर्देश
फिरोजाबाद, 23 अप्रैल (हि.स.)। आगामी होमगार्ड भर्ती परीक्षा को शुचितापूर्ण, पारदर्शी और सुचारू रूप से संपन्न कराने के उद्देश्य से बृहस्पतिवार को मण्डलायुक्त आगरा नगेंद्र प्रताप ने जिलाधिकारी रमेश रंजन के साथ राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान आयुक्त नगेन्द्र प्रताप को जानकारी दी गई कि इस केंद्र पर कुल 240 अभ्यर्थी परीक्षा में सम्मिलित होंगे। गर्मी के मौसम को देखते हुए मण्डलायुक्त ने परीक्षा केंद्र पर कड़े निर्देश जारी करते हुए कहा कि केंद्र पर आने वाले परीक्षार्थियों के लिए पर्याप्त छाया (शेड) और शुद्ध पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी भी अभ्यर्थी को असुविधा न हो।
मण्डलायुक्त ने परीक्षा ड्यूटी में तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने और परीक्षा को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने कक्षाओं में जाकर सिटिंग प्लान (बैठने की व्यवस्था) को भी देखा और निर्देश दिए कि मानक के अनुरूप पर्याप्त दूरी और अनुशासन बनाए रखा जाए।
इस दौरान उप जिलाधिकारी सदर, उप जिलाधिकारी टूण्डला, जिला विद्यालय निरीक्षक आदि उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़