फसल नुकसान से परेशान किसान ने फांसी लगाकर दी जान

 


औरैया, 03 अक्टूबर (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में सदर कोतवाली क्षेत्र स्थित जरुहलिया गांव में शुक्रवार देर रात कर्ज और फसल नुकसान से परेशान किसान ने आम के पेड़ पर फंदा लगाकर जान दे दी। शनिवार सुबह घटना की जानकारी होने पर पहुंची पुलिस ने शव काे पाेस्टमार्टम भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

जरुहलिया गांव निवासी रमाकांत उर्फ भक्कू किसानी करके परिवार का भरण करते थे। शुक्रवार देर रात उनका शव गांव के बाहर आम के पेड़ पर फंदे से लटका मिला। शनिवार सुबह जानकारी होने पर परिजन मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

परिजनों के मुताबिक, बड़ी बेटी खुशी की शादी के कारण रमाकांत पर कर्ज हो गया था। वहीं, हाल ही में हुई बारिश से फसल को भी काफी नुकसान पहुंचा था। कर्ज और फसल खराब होने के कारण वह लगातार परेशान चल रहे थे। परिजनों ने बताया कि पिछले करीब एक सप्ताह से वह घर पर न रुककर खेत पर ही ठहर रहे थे। आशंका है कि इसी वजह से उन्हाेंने अपनी जान दी है।

रमाकांत के परिवार में पत्नी चंद्रकली, बेटियां खुशी और 14 वर्षीय छवि तथा नौ वर्षीय बेटा हार्दिक हैं। पत्नी चंद्रकली कोतवाली में होमगार्ड के पद पर तैनात हैं। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा है और परिजनों का रो-रोकर हाल बेहाल है।

कोतवाली प्रभारी जितेंद्र कुमार तिवारी ने बताया कि किसान के फंदा लगाने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार