मालगाड़ी की चपेट में आया युवक, हालत गंभीर

 


औरैया, 04 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जिले के दिबियापुर थाना क्षेत्र में बीती रात शुक्रवार को एक युवक ट्रेन की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा रेलवे पावर हाउस के पास विकास वैली रिसॉर्ट के सामने डीएफसी लाइन पर हुआ। घायल युवक की पहचान फकीरे का पुरवा निवासी राजपाल पुत्र राम नरेश के रूप में हुई है। हादसे में उसका दायां पैर और हाथ का पंजा कट गया।

जानकारी के अनुसार युवक राजपाल रेलवे लाइन पार कर रहे थे, तभी डीएफसी लाइन पर आ रही मालगाड़ी की चपेट में आ गए। बताया जा रहा है कि वह ट्रेन का हॉर्न नहीं सुन पाए।

घटना के चलते मालगाड़ी करीब 15 मिनट तक पूर्वी आउटर पर खड़ी रही, जिससे रेलवे यातायात प्रभावित हुआ। वह किसी काम से दिबियापुर आए हुए थे। घटना की सूचना मिलते ही एसआई अरविंद अग्रवाल और सिपाही अर्जुन सिंह मौके पर पहुंचे और घायल को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दिबियापुर में भर्ती कराया।

एसआई अरविंद अग्रवाल ने बताया कि घायल युवक को प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने मेडिकल कॉलेज चिचौली रेफर कर दिया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार