औरैया में जेसीज चौराहे के पास युवक का शव मिला, सांप के डसने की आशंका
औरैया, 09 जुलाई (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में कोतवाली क्षेत्र के जेसीज चौराहे के समीप गुरुवार सुबह एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सुबह टहलने निकले लोगों और राहगीरों ने सड़क किनारे युवक का शव पड़ा देखा तो तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची, घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रथम दृष्टया युवक की मौत सांप के डसने से होने की आशंका जताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान लोकेश मिश्रा (33) पुत्र अखिलेश उर्फ ब्रजेश मिश्रा, निवासी नारायणपुर के रूप में हुई है। कोतवाली प्रभारी राजकुमार सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला सांप के डसने का प्रतीत हो रहा है, लेकिन मौत के वास्तविक कारण की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए मामले की जांच जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार