अंतिम संस्कार के लिए काटा गया बांस बिजली तार से छुआ,करंट से युवक की मौत
औरैया, 22 जुलाई (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में अछल्दा थाना क्षेत्र के गांव साजनपुर में बुधवार को अंतिम संस्कार की तैयारी के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। बांस काटते समय 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आने से 22 वर्षीय युवक की मौत हो गई। घटना से परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
गांव निवासी कमल सिंह (22) पुत्र स्वर्गीय वंशलाल के परिवार की एक बुजुर्ग महिला का बीमारी के चलते निधन हो गया था। अंतिम संस्कार के लिए बांस की व्यवस्था करने हेतु बुधवार दोपहर करीब 12 बजे कमल सिंह गांव के कुछ लोगों के साथ नहर पटरी पर बांस काटने गया था।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बांस काटने के बाद उसे झुकाया जा रहा था, तभी वह ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन से छू गया। बिजली का तेज करंट पूरे बांस में फैल गया, जिसकी चपेट में आने से कमल सिंह गंभीर रूप से झुलस गया और दूर जा गिरा।
घटना देख आसपास खेतों में काम कर रहे लोग मौके पर पहुंचे और परिजनों को सूचना दी। ग्रामीणों की सहायता से उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अछल्दा ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी सुरेशचंद्र सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, बिजली विभाग के अवर अभियंता धीरेन्द्र कुमार ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
कमल सिंह पांच भाइयों में सबसे छोटा था। उसके बड़े भाई अखिलेश, शिवनाथ सिंह, मोहर सिंह और मुरारी हैं। बेटे की असमय मौत से मां गंगा श्री का रो-रोकर बुरा हाल है। एक ही परिवार में शोक के बीच हुई इस दूसरी दुखद माैत से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार