औरैया : योगाभ्यास में स्ट्रेचिंग के तरीके और लाभ बताए
औरैया, 15 सितंबर (हि.स.)। राष्ट्रीय आयुष मिशन उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से संचालित योग वैलनेस सेंटर, राजकीय होम्योपैथिक चिकित्सालय के तत्वावधान में मंगलवार को औरैया जनपद के ब्लॉक परिसर में योगाभ्यास कराया गया। प्रातःकालीन सत्र में योग साधकों के साथ इच्छुक स्वास्थ्य प्रेमियों को आयु और अवस्था के अनुरूप स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की जानकारी दी गई।
वरिष्ठ योग प्रशिक्षक योगेंद्र कुमार मिश्र ने बच्चों से लेकर बड़ों तक स्वस्थ रहने के लिए अपने दायित्वों और नियमित योगाभ्यास के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि स्वयं की खोज योग के साथ समझ में आ जाए तो जीवन को सफल बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इस दौरान सूक्ष्म व्यायाम के साथ खड़े होकर किए जाने वाले विभिन्न अभ्यास कराए गए। विशेष रूप से स्ट्रेचिंग से संबंधित अभ्यासों को सही तरीके से करने की विधि और उनसे मिलने वाले लाभों की जानकारी दी गई।
द्वितीय सत्र में कुल 30 मरीजों को योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा के माध्यम से स्वस्थ रहने की कला सिखाई गई। इनमें 26 नवीन और चार पुराने मरीज शामिल रहे। कुल मरीजों में 18 पुरुष और 12 महिलाएं एवं बच्चे शामिल थे। प्रशिक्षक ने नियमित योगाभ्यास, संतुलित जीवनशैली और प्राकृतिक चिकित्सा को स्वस्थ जीवन का आधार बताया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार