योग वैलनेस सेंटर में योगाभ्यास व स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम

 


औरैया, 17 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश सरकार के राष्ट्रीय आयुष मिशन तहत संचालित योग वैलनेस सेंटर, राजकीय होम्योपैथिक चिकित्सालय औरैया की ओर से सोमवार को स्थानीय ब्लॉक परिसर में योगाभ्यास एवं स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रथम सत्र में योग प्रशिक्षक योगेंद्र कुमार मिश्रा ने योग साधकों और स्वास्थ्य प्रेमियों को उम्र व शारीरिक अवस्था के अनुसार बैठकर एवं खड़े होकर किए जाने वाले सूक्ष्म व्यायाम कराए।

इस दौरान पुरानी कब्ज और शरीर में थकान से परेशान लोगों को आहार-विहार में सुधार तथा संयमित जीवनशैली अपनाने की सलाह दी गई। प्रशिक्षक ने खड़े होकर कमर संचालन के फायदे और ओम ध्वनि के महत्व की जानकारी देते हुए सामूहिक रूप से ओम ध्वनि का उच्चारण कराया।

द्वितीय सत्र में कुल 36 मरीजों का स्वास्थ्य संबंधी मार्गदर्शन किया गया, जिसमें 30 नए और छह पुराने मरीज शामिल रहे। इनमें 20 पुरुष और 16 महिलाएं थीं। बरसात के मौसम में पाचन संबंधी समस्याओं के कारण कब्ज, कमर व घुटनों के दर्द, दाद-खाज, खुजली और सोरायसिस से पीड़ित मरीजों को खानपान एवं दैनिक आदतों में सुधार के संबंध में जानकारी दी गई।

योग प्रशिक्षक योगेंद्र कुमार मिश्रा ने कहा कि नियमित योगाभ्यास, संतुलित आहार और संयमित दिनचर्या अपनाकर कई सामान्य स्वास्थ्य समस्याओं से बचाव किया जा सकता है। वरिष्ठ नागरिकों एवं अन्य मरीजों ने स्वास्थ्य संबंधी जानकारी के लिए योग वैलनेस सेंटर का आभार जताया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार