योग शिविर में 1200 छात्र-छात्राओं को स्वस्थ जीवनशैली के दिए टिप्स
औरैया, 22 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में राष्ट्रीय आयुष मिशन, उत्तर प्रदेश सरकार के अंतर्गत संचालित योग वैलनेस सेंटर, राजकीय होम्योपैथिक चिकित्सालय की ओर से बृज कुंवर राम कुमारी इंटर कॉलेज, समरथपुर में बुधवार को एक दिवसीय योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा जनजागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में लगभग 1200 छात्र-छात्राओं एवं विद्यालय परिवार ने भाग लिया।
कार्यक्रम में वरिष्ठ योग प्रशिक्षक एवं योग एवं प्राकृतिक चिकित्सक योगेंद्र कुमार मिश्र ने विद्यार्थियों को स्वस्थ एवं अनुशासित जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने कहा कि जीवन में अनुशासन, नियमित योगाभ्यास और सकारात्मक सोच आत्मविश्वास को बढ़ाने का सबसे प्रभावी माध्यम हैं। जितना अधिक व्यक्ति अभ्यास और अनुशासन को अपनाएगा, उतना ही बेहतर तरीके से जीवन की चुनौतियों का सामना कर सकेगा।
उन्होंने विद्यालय के अनुशासन की सराहना करते हुए कहा कि आधुनिक दौर में जहां अधिकांश छात्र मोबाइल फोन के प्रति आकर्षित हैं, वहीं इस विद्यालय में किसी भी छात्र को घर से मोबाइल लाने की अनुमति नहीं है।
उन्होंने इसे विद्यालय की अनुशासनात्मक व्यवस्था का उत्कृष्ट उदाहरण बताते हुए कहा कि बच्चों में संस्कार और आत्मसंयम विकसित करने के लिए परिवार और विद्यालय दोनों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है।
योग प्रशिक्षक ने छात्र-छात्राओं को शारीरिक एवं मानसिक रूप से स्वस्थ रहने के लिए विभिन्न योग क्रियाओं और प्राकृतिक जीवनशैली की जानकारी दी। उन्होंने 'मेंढक चाल' के अभ्यास का प्रदर्शन करते हुए उसके स्वास्थ्य लाभ भी बताए। साथ ही नियमित योग, संतुलित आहार और प्राकृतिक दिनचर्या अपनाने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह के साथ योगाभ्यास किया और स्वास्थ्य संबंधी जानकारियां प्राप्त कीं। शिविर में प्रधानाचार्य विनय सिंह ने योग वैलनेस सेंटर की इस पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार ने योग प्रशिक्षक योगेंद्र कुमार मिश्र का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार