योग प्रशिक्षक ने कमर, गर्दन और रीढ़ को सीधा रखने के बताए तरीके

 


औरैया, 10 अक्टूबर (हि. स.)। राष्ट्रीय आयुष मिशन की गतिविधियों के अंतर्गत औरैया जनपद में शनिवार को राजकीय होम्योपैथिक चिकित्सालय स्थित योग वैलनेस सेंटर में योगाभ्यास कराया गया। प्रथम सत्र में योग प्रशिक्षक योगेंद्र कुमार मिश्र ने योग साधकों को सूक्ष्म व्यायाम के क्रम में कमर संचालन का अभ्यास कराया। उन्होंने कमर, गर्दन और रीढ़ को सीधा रखकर बैठने के तरीके और इसके लाभों की जानकारी दी। साथ ही कमर से आगे की ओर झुकने की सही विधि भी समझाई।

योग प्रशिक्षक ने बताया कि योगाभ्यास के दौरान शरीर की सही मुद्रा का ध्यान रखना आवश्यक है। नियमित अभ्यास से शरीर को सक्रिय रखने और शारीरिक लचीलेपन को बनाए रखने में मदद मिलती है।

राजकीय होम्योपैथिक चिकित्सालय स्थित योग वैलनेस सेंटर में शनिवार को आयोजित द्वितीय सत्र में कुल 33 मरीजों ने परामर्श लिया, जिनमें 29 नवीन और चार पुराने मरीज शामिल रहे।

कुल मरीजों में 16 पुरुष और 17 महिलाएं थीं।

योग प्रशिक्षक ने मरीजों और बच्चों को मौसम में बदलाव तथा गलत खानपान के कारण होने वाली विभिन्न स्वास्थ्य समस्याओं से बचाव के उपाय बताए। उन्होंने संतुलित खानपान अपनाने, दिनचर्या नियमित रखने और स्वस्थ जीवनशैली के लिए योग को दिनचर्या में शामिल करने की सलाह दी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार