औरैया : योग से निरोग रहने का दिया संदेश, छात्रों ने किया सामूहिक अभ्यास

 


-योग से निरोग रहने का दिया संदेश, छात्रों ने किया सामूहिक अभ्यास

औरैया, 10 अगस्त (हि. स.)। राष्ट्रीय आयुष मिशन उत्तर प्रदेश सरकार के तहत संचालित योग वैलनेस सेंटर, राजकीय होम्योपैथिक चिकित्सालय जनपद औरैया की ओर से सोमवार को कामदगिरि शिक्षा निकेतन विद्यालय, मोहल्ला सत्तेश्वर में साेमवार काे योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम जिलाधिकारी बृजेश कुमार के निर्देशन तथा जिला होम्योपैथिक चिकित्साधिकारी डॉ. निधि शुक्ला और डॉ. परवीन के मार्गदर्शन में हुआ। इस दौरान छात्र-छात्राओं को योग के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।

प्रातःकालीन प्रथम सत्र में योग प्रशिक्षक योगेंद्र कुमार मिश्र ने विद्यार्थियों को विभिन्न योगासनों का अभ्यास कराया। उन्होंने विशेष रूप से उत्कटासन के लाभ और उसकी सही विधि की जानकारी दी। विद्यार्थियों को बताया गया कि नियमित रूप से योग करने से शरीर स्वस्थ और सक्रिय रहता है। साथ ही मानसिक एकाग्रता बढ़ाने में भी योग महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने उत्साह के साथ सामूहिक योगाभ्यास किया। योग प्रशिक्षक ने विद्यार्थियों से अपील की कि वे योग को केवल कार्यक्रम तक सीमित न रखते हुए इसे अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाएं। उन्होंने स्वस्थ जीवन के लिए नियमित योग, संतुलित आहार और अनुशासित दिनचर्या अपनाने पर जोर दिया।

विद्यालय में आयोजित योग कार्यक्रम से छात्र-छात्राओं में भी उत्साह देखने को मिला। योग वैलनेस सेंटर की ओर से विद्यालयों में इस प्रकार के कार्यक्रमों के माध्यम से बच्चों को योग एवं स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक किया जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार