भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष रामकिशोर साहू का अनंतराम टोल प्लाजा पर भव्य स्वागत

 


औरैया, 13 जुलाई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष रामकिशोर साहू का सोमवार को इटावा जाते समय उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद अनंतराम टोल प्लाजा पर पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने भव्य स्वागत किया। ढोल-नगाड़ों की गूंज, गगनभेदी नारों और फूल मालाओं के बीच क्षेत्रीय अध्यक्ष का गर्मजोशी से अभिनंदन किया गया। स्वागत कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं मातृशक्ति मौजूद रही।

कार्यक्रम के दौरान ब्लॉक प्रमुख रजनीश पांडेय ने रामकिशोर साहू को विशाल माला पहनाकर एवं शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। स्वागत से अभिभूत क्षेत्रीय अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रत्येक कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है। साथ ही संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक सशक्त बनाने का आह्वान किया।

ब्लॉक प्रमुख रजनीश पांडेय ने कहा कि रामकिशोर साहू के नेतृत्व में संगठन को नई ऊर्जा और मजबूती मिलेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि कार्यकर्ता पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ पार्टी की विचारधारा एवं सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करेंगे।

स्वागत समारोह में पूर्व सांसद डॉ. रामशंकर कठेरिया, भाजपा जिलाध्यक्ष सर्वेश कठेरिया, जिला प्रभारी आनंद सिंह तथा युवा मोर्चा के प्रदेश मंत्री एवं जिला उपाध्यक्ष सौरभ भूषण शर्मा सहित कई वरिष्ठ नेताओं की गरिमामयी उपस्थिति रही। सभी नेताओं ने संगठन की मजबूती, कार्यकर्ताओं की सक्रिय भूमिका और आगामी संगठनात्मक गतिविधियों को लेकर अपने विचार व्यक्त किए।

इस अवसर पर युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष मोनू सेंगर, वरिष्ठ भाजपा नेता अवधेश भदौरिया, आसाराम राजपूत, लव तिवारी, कुश तिवारी सहित सैकड़ों भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में महिलाओं ने उपस्थित रहकर क्षेत्रीय अध्यक्ष का स्वागत किया। कार्यक्रम के दौरान पूरे परिसर में उत्साह और जोश का माहौल देखने को मिला।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार