जर्जर दीवार गिरने से टीन शेड में सो रहे परिवार के पांच लोग दबे

 




औरैया, 25 अगस्त (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में अजीतमल कोतवाली क्षेत्र के ग्राम छीतापुर में सोमवार देर रात दर्दनाक हादसा हो गया। घर के आंगन में टीन शेड के नीचे सो रहे एक ही परिवार के पांच लोग पड़ोसी के कच्चे मकान की जर्जर दीवार भरभराकर गिरने से मलबे में दब गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। परिजनों और ग्रामीणों ने राहत-बचाव शुरू किया। सूचना पर पहुंची पुलिस और फायर कर्मियों ने ग्रामीणों की मदद से सभी को मलबे से बाहर निकाला और उपचार के लिए सीएचसी अजीतमल भेजा। हादसे में घायल धीरेंद्र सिंह सेंगर को चिकित्सकों ने रेफर कर दिया।

ग्राम छीतापुर निवासी धीरेंद्र सिंह सेंगर सोमवार रात अपनी पत्नी प्रीति, पुत्री आरती, अंकिता और पुत्र अंकुश के साथ घर के आंगन में टीन शेड के नीचे सो रहे थे। रात करीब सवा 12 बजे अचानक पड़ोसी के एक मंजिला कच्चे मकान की जर्जर दीवार भरभराकर टीन शेड के ऊपर जा गिरी। दीवार गिरते ही धीरेंद्र सिंह समेत परिवार के पांचों सदस्य मलबे में दब गए।

हादसे की आवाज और चीख-पुकार सुनकर घर के बाहर बने कमरे में सो रहे धीरेंद्र के बड़े भाई विपिन और उनकी पत्नी पूजा तत्काल मौके पर पहुंचे। उन्होंने पड़ोसियों को बुलाकर मलबा हटाने का प्रयास शुरू किया और पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही पुलिस क्षेत्राधिकारी मनोज गंगवार, कोतवाल विनोद राजपूत, हमराही विकास यादव व सुंदर तथा फायर कर्मचारियों की टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस और फायर कर्मियों ने ग्रामीणों की मदद से मलबा हटाकर उसमें दबे पांचों लोगों को बाहर निकाला। सभी घायलों को 108 एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अजीतमल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार किया गया। चिकित्सकों ने धीरेंद्र सिंह की हालत को देखते हुए उन्हें रेफर कर दिया।

हादसे के बाद परिजनों ने आरोप लगाया कि पड़ोसी के मकान की जर्जर कच्ची दीवार को हटाने के लिए संबंधित लोगों से कई बार कहा गया था। उनका कहना है कि दो दिन पहले भी दीवार से कुछ ईंटें गिर चुकी थीं और उस समय भी मकान के बाहर रहने वाले लोगों को दीवार की जर्जर हालत के बारे में बताया गया था। इसके बावजूद दीवार को नहीं हटाया गया, जिसके चलते यह हादसा हुआ।

राजस्व लेखपाल अमित तिवारी के साथ सीएचसी पहुंचे नायब तहसीलदार अशोक कुमार ने बताया कि मामले की जांच कराई जा रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर शासनादेश के अनुसार पीड़ित परिवार को जो भी अनुमन्य राहत होगी, वह उपलब्ध कराई जाएगी। वहीं सीओ मनोज गंगवार ने बताया कि मामले की जांच की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार