औरैया : तुलसी विवाह में जरूरतमंद अंजू और आशीष का कराया शुभ विवाह

 


-बैंड-बाजों के साथ धूमधाम से निकली शालिग्राम की बारात, वैदिक मंत्रोच्चार के बीच संपन्न हुआ विवाह समारोह

औरैया, 24 नवम्बर (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर मंगलवार को एक विचित्र पहल सेवा समिति की महिला शाखा तुलसी 'सखी ग्रुप' की ओर से तुलसी मैया और प्रभु शालिग्राम का विवाह धूमधाम से संपन्न कराया गया। इस दौरान आर्थिक रूप से कमजोर परिवार की बेटी अंजू का आशीष के साथ विवाह कराकर समिति ने 75वां जरूरतमंद जोड़ा बसाने का पुनीत कार्य किया।

कार्यक्रम के तहत सुबह 10 बजे फूलमती मंदिर से प्रभु शालिग्राम की बारात बैंड-बाजों के साथ निकाली गई। बाराती नाचते-गाते शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए श्री पोरवाल धर्मशाला पहुंचे। यहां सखी ग्रुप की सदस्यों ने बारात का भव्य स्वागत किया। इसके बाद आचार्य पं. अवध बिहारी शुक्ला ने वैदिक रीति-रिवाज और मंत्रोच्चार के साथ तुलसी मैया व प्रभु शालिग्राम का विवाह संपन्न कराया। इसी क्रम में आर्थिक रूप से कमजोर राजपूत (लोधी) समुदाय के कृपाराम और रामाकांती की पुत्री अंजू का आशीष के साथ विवाह कराया गया। वर-वधू ने एक-दूसरे को जयमाला पहनाकर दांपत्य जीवन में प्रवेश किया। समाजसेवी राजीव पोरवाल (रानू) ने उपहार और आर्थिक सहयोग देकर बारात का स्वागत किया।

समिति के संस्थापक आनंद नाथ गुप्ता एडवोकेट ने बताया कि समिति जनसहयोग से अब तक 74 जरूरतमंद बालिकाओं के विवाह में दान-दहेज के रूप में यथासंभव मदद कर चुकी है। मंगलवार को अंजू और आशीष का विवाह शुभ विवाह रहा। दानदाताओं के सहयोग से नवदंपती को गृहस्थी का सामान, बर्तन सेट, साड़ियां, पैंट-शर्ट, कुकर, केसरोल सेट, प्रेस, बेडशीट, कंबल और आभूषण सहित अन्य सामग्री भेंट की गई।

उन्होंने कहा कि संस्था वास्तविक जरूरतमंदों की सेवा के लिए सदैव समर्पित है। तुलसी मैया और नवदंपती की पैर पुजाई का कार्यक्रम देर शाम तक चलता रहा। आयोजन की लोगों ने सराहना की। इस मौके पर समाजसेविका मंजू गुप्ता, राखी गुप्ता, सीता पोरवाल, अखिल भारतीय पुरवार पोरवाल राष्ट्रीय महासभा के जिलाध्यक्ष शिवकुमार पुरवार, राजीव पोरवाल (रानू), आनंद गुप्ता (डाबर), कपिल गुप्ता सहित समिति और महिला शाखा की सदस्याएं, शहर के दानवीर तथा करीब पांच सैकड़ा श्रद्धालु मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार