औरैया : महामाया मंगला काली मंदिर परिसर में हुआ वृहद पौधारोपण

 


औरैया, 09 अगस्त (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में पर्यावरण संरक्षण और धार्मिक स्थलों को हराभरा बनाने के उद्देश्य से समाजसेवी संगठन एक विचित्र पहल सेवा समिति रजि. औरैया की ओर से रविवार को जीवनधारा पौधारोपण अभियान चलाया गया। इसके तहत शहर से करीब पांच किलोमीटर दूर दक्षिण दिशा में बीहड़ क्षेत्र में स्थित महामाया मंगला काली मंदिर परिसर में वृहद पौधारोपण किया गया। पौधों की देखभाल और सुरक्षा की जिम्मेदारी मंदिर के सेवादारों को सौंपी गई।

समिति के अध्यक्ष राजीव पोरवाल (रानू) के नेतृत्व में सुबह सात बजे आयोजित अभियान में चांदनी, हरसिंगार, कदम, गुड़हल, पीपल, पकड़िया, बरगद, अशोक, बेलपत्र, चितवन, बोतल पाम, अमरूद और नींबू समेत विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए।

समिति पदाधिकारियों ने पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण पर भी जोर दिया।

पौधारोपण के बाद पर्यावरण संरक्षण विषय पर गोष्ठी आयोजित हुई। समिति के संस्थापक आनंद नाथ गुप्ता एडवोकेट ने कहा कि पौधों का लालन-पालन नन्हे बच्चों की तरह करना चाहिए। पेड़-पौधे मानव जीवन के साथ पशु-पक्षियों के लिए भी बेहद महत्वपूर्ण हैं। इनसे प्राणवायु, औषधियां, भोजन और जीव-जंतुओं को आश्रय मिलता है। पेड़-पौधों के बिना मानव जीवन की कल्पना संभव नहीं है। पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को अधिक से अधिक पौधे लगाने के साथ उनकी देखभाल भी करनी चाहिए।

उन्होंने बताया कि समिति के निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष अब तक 2945 पौधों का पौधारोपण और वितरण किया जा चुका है। लक्ष्य पूरा होने तक अभियान जारी रहेगा और लोगों की पसंद के पौधों का वितरण भी किया जाएगा।

गोष्ठी के समापन पर मौजूद लोगों ने पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का संकल्प लिया।

इस मौके पर तेज बहादुर वर्मा, शेखर गुप्ता, पर्यावरण प्रहरी मनीष पुरवार (हीरू), डॉ. आर्य प्रबुद्ध, अजय कपूर, संजय अग्रवाल, राम आसरे गुप्ता, संतोष कुशवाहा, विपुल कुमार, हिमांशु दुबे, रामचंद्र सोनी, कुलदीप बाजपेई (बाबा), ओम प्रकाश, रमेश तिवारी, सतीश कुमार सहित संस्थापक आनंद नाथ गुप्ता एडवोकेट और अन्य पर्यावरण प्रेमी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार