औरैया : श्रावण माह में देवकली धाम जाने वालों के लिए ट्रैफिक प्लान जारी, भारी वाहनों पर रहेगा प्रतिबंध
औरैया, 26 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में श्रावण मास में देवकली धाम समेत जिले के प्रमुख शिव मंदिरों में उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए जनपद बिधूना सीओ पी. पुनीत मिश्रा ने रविवार को बताया कि व्यापक यातायात व्यवस्था लागू कर दी है। 30 जुलाई से शुरू होने वाले श्रावण मास के प्रत्येक रविवार रात 8 बजे से सोमवार रात्रि तक तथा 11 अगस्त को पड़ने वाली श्रावण शिवरात्रि के अवसर पर विशेष रूट डायवर्जन प्रभावी रहेगा।
उन्होंने बताया कि इस दौरान जिले में प्रवेश करने वाले भारी वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से उनके गंतव्य तक भेजा जाएगा, जबकि मंदिरों की ओर जाने वाले मार्ग श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षित रखे जाएंगे।
पुलिस प्रशासन के अनुसार जालौन, इटावा, कन्नौज, कानपुर देहात और दिबियापुर की ओर से आने वाले ट्रक, डंपर और अन्य भारी वाहनों को बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे, आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे और राष्ट्रीय राजमार्ग-19 के जरिए डायवर्ट किया जाएगा। देवकली मंदिर की ओर जाने वाले मार्ग पर भारी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
मंगलाकाली (जालौन) चौराहा और देवकली (खानपुर) चौराहे से केवल मंदिर दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं के वाहन, ऑटो, ई-रिक्शा और हल्के वाहनों को ही प्रवेश मिलेगा। वहीं औरैया शहर के भीतर किसी भी मार्ग से भारी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह वर्जित रहेगा, जिससे श्रद्धालुओं को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि एनएच-19 पर सामान्य यातायात प्रभावित नहीं होगा, जबकि अन्य मार्गों पर निर्धारित डायवर्जन व्यवस्था लागू रहेगी। प्रमुख चौराहों पर अतिरिक्त पुलिस बल और यातायात कर्मियों की तैनाती की जाएगी।
पुलिस ने वाहन चालकों और श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे जारी रूट डायवर्जन का पालन करें तथा यातायात पुलिस के निर्देशों का सहयोग करें। किसी भी प्रकार की यातायात संबंधी जानकारी या सहायता के लिए जनपदीय यातायात नियंत्रण कक्ष के हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क किया जा सकता है। यह व्यवस्था पूरे श्रावण मास में श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम आवागमन और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से लागू की गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार