औरैया : सम्पूर्ण समाधान दिवस में आईं 135 शिकायतें, 15 का मौके पर निस्तारण

 


औरैया, 19 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में सदर तहसील औरैया में शनिवार को आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी बृजेश कुमार एवं पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती ने दूर-दराज से आए फरियादियों की समस्याएं सुनीं। अधिकारियों ने संबंधित विभागों के जिम्मेदार अफसराें काे

शिकायतों का समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं नियमानुसार निस्तारण करने के निर्देश दिए। समाधान दिवस में विभिन्न जनसमस्याओं से संबंधित कुल 135 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें 15 प्रकरणों का मौके पर ही निस्तारण कराया गया।

जिलाधिकारी ने कहा कि सम्पूर्ण समाधान दिवस शासन की महत्वपूर्ण जनसुनवाई व्यवस्था है। इसका उद्देश्य आमजन की समस्याओं का प्रभावी समाधान कर उन्हें त्वरित राहत उपलब्ध कराना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत का स्थलीय निरीक्षण कर तथ्यों के आधार पर निष्पक्ष कार्रवाई की जाए। किसी भी प्रकरण को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए और शिकायतकर्ता को संतुष्टिपूर्ण समाधान उपलब्ध कराया जाए।

पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती ने पुलिस विभाग से संबंधित शिकायतों पर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राजस्व और पुलिस विभाग आपसी समन्वय से कार्य करते हुए भूमि विवाद समेत अन्य मामलों का शीघ्र एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करें।

ग्राम माखनपुर इटाहा, विकासखंड भाग्यनगर निवासी नाथूराम ने पेयजल, राशन कार्ड और बिजली की सुविधा न मिलने की शिकायत की। उन्होंने बताया कि जलापूर्ति की पाइपलाइन उनके घर से करीब 80 मीटर पहले तक ही पहुंची है। आईजीआरएस पर शिकायत के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ।

डीएम ने अधिशासी अभियंता जल निगम को जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए।

जैतापुर निवासी राम जानकी ने प्राथमिक विद्यालय में रसोइया के कार्य से हटाए जाने की शिकायत की। डीएम ने बीडीओ औरैया को जांच के निर्देश दिए। वहीं उनीतीपुर निवासी विशम्भर दयाल ने सिंचाई नाली बंद होने से अमरूद के बगीचे को नुकसान होने की शिकायत की, जिस पर सिंचाई विभाग को स्थलीय निरीक्षण के निर्देश दिए गए।

मौके पर खतौनी व अंश निर्धारण, वृद्धावस्था पेंशन, अमलदरामद और विद्युत केबल से संबंधित कई मामलों का भी निस्तारण कराया गया। डीएम ने स्पष्ट किया कि शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।

इस दौरान एसडीएम सदर ब्रह्मानंद, सीएमओ डॉ. सुरेंद्र कुमार, डीएफओ सीपी सिंह, पीडी डीआरडीए मनीष कुमार मौर्य, तहसीलदार, नायब तहसीलदार समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार