औरैया में बिना लाइसेंस के चल रही तीन लाइब्रेरी और कोचिंग सेंटर सील

 

औरैया, 30 जून (हि. स.)। जनपद में बिना मानकों के संचालित कोचिंग सेंटरों और लाइब्रेरियों के खिलाफ प्रशासन का अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में मंगलवार को शहर के बदनपुर मोहल्ले में कई कोचिंग सेंटरों और लाइब्रेरियों का औचक निरीक्षण किया गया। इस दाैरान बिना लाइसेंस के चल रही तीन लाइब्रेरी व कोचिंग सेंटर काे सील किया गया है।

यह कार्रवाई उपजिलाधिकारी सदर अजय आनंद वर्मा के नेतृत्व में किया गया। निरीक्षण में मुख्य अग्निशमन अधिकारी तेजवीर सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक प्रदीप कुमार मौर्य समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। टीम ने संस्थानों के संचालन संबंधी वैध लाइसेंस, अग्निशमन विभाग की एनओसी, आग से बचाव के उपकरण, आपातकालीन निकास व्यवस्था और अन्य सुरक्षा मानकों की गहन जांच की।

अभियान के दौरान यशस्वी लाइब्रेरी, ईकॉमर्स एजुकेशन और सक्सेस जोन लाइब्रेरी का निरीक्षण किया गया। जांच में सामने आया कि तीनों संस्थान बिना वैध लाइसेंस के संचालित किए जा रहे थे। साथ ही आग जैसी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक अग्निशमन उपकरण और सुरक्षा व्यवस्थाएं भी पर्याप्त नहीं मिलीं।

इन गंभीर अनियमितताओं को देखते हुए प्रशासन ने तीनों संस्थानों को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट कहा कि विद्यार्थियों की सुरक्षा के साथ किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और नियमों की अनदेखी करने वाले संस्थानों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

उपजिलाधिकारी अजय आनंद वर्मा ने संचालकों को निर्देश दिए कि सभी आवश्यक अनुमतियां, सुरक्षा प्रमाणपत्र और अग्निशमन संबंधी मानक पूरे करने के बाद ही संस्थानों का संचालन किया जाए। प्रशासन ने यह भी बताया कि जिले के अन्य क्षेत्रों में भी निरीक्षण अभियान लगातार जारी रहेगा, ताकि सभी कोचिंग सेंटर और लाइब्रेरियां निर्धारित नियमों का पालन सुनिश्चित कर सकें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार