टेट की अनिवार्यता के विरोध में शिक्षक काली पट्टी बांध कर रहे आंदाेलन

 


- 26 फरवरी को जिला मुख्यालयों पर होगा प्रदर्शन

औरैया, 23 फरवरी (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में बर्ष 2010 से पूर्व नियुक्त शिक्षकों के लिए टीईटी की अनिवार्यता लागू किए जाने के विरोध में देशभर के शिक्षक संगठनों ने आंदोलन तेज कर दिया है। टीचर फेडरेशन ऑफ इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. दिनेश चंद्र शर्मा के आह्वान पर प्रदेश के सभी मान्यता प्राप्त शिक्षक संगठन एक मंच पर आकर चरणबद्ध आंदोलन कर रहे हैं।

आंदोलन के प्रथम चरण में 22 फरवरी को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्विटर (एक्स) पर चलाया गया अभियान पूरे देश में नंबर एक ट्रेंड पर रहा। इसके बाद 22 फरवरी से 25 फरवरी 2026 तक शिक्षक काली पट्टी बांधकर शिक्षण कार्य करते हुए विरोध जता रहे हैं।

ब्लॉक अध्यक्ष दीपक दुबे एवं मंत्री विक्रम दत्त ने बताया कि शिक्षकों की मांगों की अनदेखी किए जाने पर आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि अगला चरण जिला मुख्यालयों पर प्रदर्शन का होगा। यदि इसके बाद भी सरकार द्वारा आदेश वापस नहीं लिया गया तो मार्च माह में देश की राजधानी में विशाल प्रदर्शन एवं घेराव किया जाएगा ।

जिला मंत्री अरविंद राजपूत, जूनियर शिक्षक संघ के अध्यक्ष श्यामसुंदर तथा मंत्री अरुण दीक्षित ने संयुक्त रूप से कहा कि सभी शिक्षक संगठन एकजुट होकर अपने अधिकारों की लड़ाई लड़ेंगे। उन्होंने जानकारी दी कि 26 फरवरी को पूरे प्रदेश में एक साथ जिला मुख्यालयों पर प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा। शिक्षक नेताओं ने अधिक से अधिक शिक्षकों से प्रदर्शन में शामिल होकर आंदोलन को सफल बनाने की अपील की

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार