घर में अकेली विवाहिता ने फांसी लगाकर दी जान; एक साल की बेटी को छोड़ गई
औरैया, 14 जुलाई (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में सहार थाना क्षेत्र के हजियापुर गांव में सोमवार देर शाम एक विवाहिता द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने की घटना से गांव में शोक की लहर दौड़ गई। विवाहिता ने घर के बरामदे में पंखे के हुक से दुपट्टे के सहारे फांसी लगा ली। घटना के समय वह घर में अकेली थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल आत्महत्या के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं और पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार हजियापुर निवासी गौतम की पत्नी सुकीर्ति ने सोमवार देर शाम अपने घर के बरामदे में फांसी लगाकर जीवन समाप्त कर लिया। बताया गया कि घटना के समय परिवार का कोई सदस्य घर पर मौजूद नहीं था। मृतका के परिजन किसी रिश्तेदारी में गए हुए थे, जबकि उसका पति अपनी बहन के लिए लड़का देखने बाहर गया था।
काफी देर तक सुकीर्ति के बाहर न आने पर परिजनों और ग्रामीणों को संदेह हुआ। जब घर के अंदर जाकर देखा गया तो वह फंदे से लटकी मिली। यह दृश्य देखकर परिवार में कोहराम मच गया। सूचना मिलते ही सहार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद गांव में लोगों की भीड़ जुट गई। बताया गया कि सुकीर्ति का विवाह वर्ष 2023 में हुआ था और उसकी एक वर्ष की मासूम बेटी है। मां की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
थाना प्रभारी जितेंद्र तिवारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है। घटना के समय घर पर कोई अन्य व्यक्ति मौजूद नहीं था। आत्महत्या के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार