औरैया : छात्रा ने फांसी लगाकर दी जान

 


औरैया, 19 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में अछल्दा थाना क्षेत्र में बुधवार दोपहर एक 17 वर्षीय इंटर कॉलेज की छात्रा ने घर के कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

बीरपुर गांव निवासी शिशु पाल सिंह सेंगर की 17 वर्षीय पुत्री सीता इंटर कॉलेज में पढ़ती थी। बुधवार सुबह उसका भाई कृष्णा अपनी मां सुलेखा को दिखाने के लिए अछल्दा स्थित एक निजी अस्पताल ले गया था। इस दौरान छात्रा सीता घर पर अकेली थी।

बताया गया कि पड़ोस में रहने वाली चाची रजनी देवी के पास सीता की बड़ी बहन किशोरी का फोन आया और उसने सीता से बात कराने के लिए कहा। रजनी देवी सीता के घर पहुंचीं तो कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। काफी देर तक दरवाजा खटखटाने के बावजूद कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद गोपाल समेत अन्य परिजनों की मदद से दरवाजा तोड़ा गया।

अंदर कमरे में सीता का शव छत पर लगे पंखे से साड़ी के सहारे लटकता मिला। परिजनों ने शव को नीचे उतारा और निजी वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृत छात्रा के पिता शिशु पाल सिंह पाता प्लांट में कार्यरत बताए गए हैं।

घटना की सूचना पर अछल्दा थाना प्रभारी सुरेश चंद्र पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल की जांच-पड़ताल कर आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घटना के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल सका है। मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार