भाजपा सरकार गरीब, पिछड़ों और अल्पसंख्यकों का कर रही उत्पीड़न : रामआसरे विश्वकर्मा

 


औरैया, 16 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व मंत्री रामआसरे विश्वकर्मा ने गुरुवार को शहर स्थित साईं मंदिर परिसर में आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार पर तीखा हमला बोला। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सपा जिलाध्यक्ष सर्वेश बाबू गौतम ने की, जबकि संचालन सुबोध ओझा ने किया।

कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए रामआसरे विश्वकर्मा ने कहा कि वर्तमान भाजपा सरकार में सबसे अधिक अत्याचार पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक समाज पर हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा किसी तरह सरकार तो बना लेती है, लेकिन सत्ता में आने के बाद गरीबों और पिछड़े वर्गों का उत्पीड़न करती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे एकजुट होकर जनविरोधी सरकार को हटाने और समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने के लिए गांव-गांव जाकर लोगों को जागरूक करें।

पूर्व मंत्री ने मंदिर चंदे के मुद्दे पर भी सरकार को घेरते हुए कहा कि सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने इस गंभीर विषय को प्रमुखता से उठाया है, लेकिन भाजपा और उनके सहयोगी संगठन ने आज तक कथित चंदा गड़बड़ी पर कोई जवाब नहीं दिया। उन्होंने मांग की कि मंदिरों के नाम पर यदि कहीं भी चंदे में अनियमितता हुई है तो उसकी निष्पक्ष जांच कर दोषियों से धन वापस लिया जाए।

उन्होंने योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें न तो लिखना आता है और न ही सोशल मीडिया चलाना। उनकी सोशल मीडिया आईडी भाजपा के लोग संचालित कर रहे हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि राजभर अपने समाज को आरक्षण तक नहीं दिला सके।

इस अवसर पर दिबियापुर विधायक प्रदीप यादव, पूर्व मंत्री रामबाबू यादव, पूर्व मंत्री विनोद यादव 'कक्का', रामजी शुक्ला, बाबा रामनरेश यादव, महेंद्र त्रिपाठी, मोहम्मद इरशाद, अंजली अवस्थी, पूर्व विधायक मदन गौतम, पूर्व ब्लॉक प्रमुख सुमन दिवाकर, स्नेहलता दोहरे, रश्मि यादव, मधु यादव, अनवर यादव, अशोक गुप्ता, राजकुमार गौतम, नरेंद्र पाल, मनीष कठेरिया, ओम प्रकाश ओझा, रमेश चंद्र शर्मा, नाथूराम शर्मा , मुकेश शर्मा, दिनेश शर्मा, हरिशंकर दिवाकर,सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार