दानवीर भामाशाह की जयंती पर सपा कार्यालय में गोष्ठी, प्रो. रामगोपाल यादव का मनाया जन्मदिन
औरैया, 29 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में समाजवादी पार्टी (सपा) के जिला कार्यालय ककोर में सोमवार को दानवीर भामाशाह की जयंती श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर वक्ताओं ने भामाशाह के त्याग, राष्ट्रभक्ति और समाजसेवा पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम के दौरान सपा के राष्ट्रीय प्रमुख महासचिव प्रोफेसर रामगोपाल यादव का जन्मदिन भी केक काटकर मनाया गया तथा उनकी दीर्घायु की कामना की गई।
सपा जिलाध्यक्ष सर्वेश बाबू गौतम ने गोष्ठी को संबोधित करते हुए कहा कि दानवीर भामाशाह केवल महाराणा प्रताप के मंत्री और सलाहकार ही नहीं थे, बल्कि वे त्याग और समर्पण की मिसाल थे। उन्होंने कहा कि जब राज्य आर्थिक संकट से गुजर रहा था, तब भामाशाह ने अपनी संपूर्ण संपत्ति महाराणा प्रताप को समर्पित कर दी थी। उनकी दी गई धनराशि इतनी अधिक थी कि उससे 25 हजार सैनिकों का 12 वर्षों तक पूरा खर्च चलाया जा सकता था। उन्होंने कहा कि भामाशाह का जीवन आज भी समाज को त्याग और राष्ट्रहित की प्रेरणा देता है।
जिलाध्यक्ष ने कार्यक्रम में उपस्थित व्यापार मंडल के पदाधिकारियों, पार्टी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए वर्ष 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने का संकल्प दिलाया। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने प्रोफेसर रामगोपाल यादव का जन्मदिन केक काटकर धूमधाम से मनाया और उनके स्वस्थ एवं दीर्घ जीवन की कामना की।
कार्यक्रम में व्यापारी नेता बृजेंद्र गुप्ता, प्रमोद गुप्ता, पूर्व विधायक विपिन गुप्ता, नवीन वर्मा लोधी, वीरेंद्र शास्त्री, रश्मि यादव, अरविंद पोरवाल, पल्लवी पाल, कमलेश तिवारी, भगवती देवी निषाद, अशोक गुप्ता, कुलदीप पोरवाल, अजय यादव सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार