औरैय में सपा की पीडीए महापंचायत में गूंजा 2027 का संकल्प, कार्यकर्ताओं काे गांव-गांव और बूथ स्तर तक पहुंचने का निर्देश
औरैया, 06 अक्टूबर (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में अजीतमल तहसील क्षेत्र के कस्बा अटसू में मंगलवार को समाजवादी पार्टी की ओर से पीडीए महापंचायत का आयोजन किया गया। इसमें पूर्व मंत्री अवधेश वर्मा और पूर्व मंत्री आलोक शाक्य मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। अध्यक्षता विनोद कुशवाह और मदन लाल राजपूत ने की, जबकि संचालन वीरेंद्र शास्त्री ने किया।
महापंचायत को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री अवधेश वर्मा व मैनपुरी के जिला अध्यक्ष आलोक शाक्य ने कहा कि वर्ष 2027 का विधानसभा चुनाव उत्तर प्रदेश की दिशा और दशा तय करेगा। पीडीए समाज के दबे-कुचले, पिछड़े, दलित, अल्पसंख्यक, किसान, मजदूर और युवाओं को सम्मान व अधिकार दिलाने की आवाज है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव और बूथ स्तर तक पहुंचकर समाजवादी पार्टी की नीतियों और अखिलेश यादव के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
पूर्व मंत्री आलोक शाक्य ने कहा कि समाजवादी पार्टी ने हमेशा सामाजिक न्याय और समान भागीदारी की लड़ाई लड़ी है। पीडीए की मजबूती ही सामाजिक न्याय की मजबूती है। उन्होंने कहा कि संगठन की असली ताकत बूथ स्तर के कार्यकर्ता हैं। इसलिए प्रत्येक कार्यकर्ता अपने बूथ को मजबूत करने में जुट जाए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने और अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाने के लिए पूरी ताकत से जुटने का आह्वान किया।
सपा जिलाध्यक्ष सर्वेश बाबू गौतम ने कहा कि पीडीए महापंचायत में उमड़ी भीड़ ने 2027 के लिए कार्यकर्ताओं के उत्साह और संगठन की मजबूती का संदेश दिया है। अजीतमल से शुरू हुआ यह संकल्प गांव-गांव और बूथ-बूथ तक पहुंचेगा। महापंचायत के दौरान कार्यकर्ताओं ने वर्ष 2027 में सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाने का संकल्प लिया। इस मौके पर यूथ ब्रिगेड जिलाध्यक्ष टिल्लू राजपूत, विधायक प्रदीप यादव, जिलाध्यक्ष सर्वेश बाबू, बाबा महेंद्र त्रिपाठी, लल्लू प्रधान, सुमन दिवाकर, रश्मि यादव, रामनरेश यादव, लालजी शुक्ला, कमलेश तिवारी, मधु यादव, राजनरायन बघेल सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार