सपा जिलाध्यक्ष का भाजपा पर हमला, कहा- 22 परीक्षाओं में आरक्षित पदों का नुकसान कर रही सरकार

 


औरैया, 29 मई (हि. स.) । उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में समाजवादी पार्टी ने अनुसूचित जाति, अनुसूचित जन जाति और ओबीसी श्रेणी के आरक्षण घोटाले को लेकर भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। ककोर स्थित पार्टी कार्यालय में शुक्रवार को आयोजित प्रेस वार्ता में सर्वेश बाबू गौतम ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार संविधान द्वारा दिए गए आरक्षण अधिकारों को कमजोर करने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि पिछड़े, दलित और वंचित समाज के युवाओं को सरकारी नौकरियों में उनका हक नहीं मिल पा रहा है और आरक्षित वर्ग के अधिकारों के साथ लगातार अन्याय किया जा रहा है।

शुक्रवार को आयोजित वार्ता में सपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर ने संविधान के माध्यम से पिछड़े, दलित और वंचित समाज को बराबरी का अधिकार दिलाने के लिए आरक्षण व्यवस्था लागू कराई थी, लेकिन वर्तमान भाजपा सरकार धीरे-धीरे उसी व्यवस्था को कमजोर करने में लगी हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकारी नौकरियों में आरक्षित वर्ग के पदों को सही तरीके से नहीं भरा जा रहा और पीडीए समाज के युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है।

सर्वेश बाबू गौतम ने कहा कि भाजपा सरकार के पिछले दस वर्षों के कार्यकाल में कई सरकारी भर्ती प्रक्रियाओं में गड़बड़ियां सामने आई हैं। उन्होंने दावा किया कि आरक्षित सीटों में कटौती और भर्ती प्रक्रियाओं में अनियमितताओं के कारण हजारों युवाओं को नौकरी से वंचित होना पड़ा है। सपा जिलाध्यक्ष सर्वेश बाबू गौतम के अनुसार सरकार की नीतियों से सबसे अधिक नुकसान पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक वर्ग के युवाओं को हुआ है।

वार्ता में मुख्य रूप से दिबियापुर विधायक प्रदीप यादव, बिधूना विधायक रेखा वर्मा, पूर्व विधायक प्रमोद गुप्ता, रश्मि यादव, अनवर यादव, रानू पालीवाल और राजकुमार दोहरे सहित बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता मौजूद रहे। नेताओं ने एक स्वर में कहा कि आरक्षण व्यवस्था संविधान की आत्मा है और इसके अधिकारों की रक्षा के लिए समाजवादी पार्टी हर स्तर पर संघर्ष करती रहेगी।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार