सपा कार्यालय में मनाई गई लोकनायक जयप्रकाश नारायण और महाराजा अग्रसेन की जयंती
औरैया, 11 अक्टूबर (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में समाजवादी पार्टी के जिला कार्यालय ककोर में रविवार को लोकनायक जयप्रकाश नारायण की जयंती श्रद्धापूर्वक मनाई गई। इस अवसर पर पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। साथ ही महाराजा अग्रसेन की जयंती भी मनाई गई और उनके आदर्शों को याद किया गया।
कार्यक्रम में समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष सर्वेश बाबू गौतम ने लोकनायक जयप्रकाश नारायण के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उनके विचार आज भी समाज और देश के लिए प्रासंगिक हैं। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी लोकनायक के आदर्शों, सिद्धांतों और विचारों को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। जयप्रकाश नारायण का जीवन संघर्ष, त्याग और जनसेवा की प्रेरणा देता है। उन्होंने अपने विचारों और आंदोलनों के माध्यम से देश की राजनीति को नई दिशा देने का काम किया।
जिलाध्यक्ष ने कहा कि जयप्रकाश नारायण का प्रभाव हर पीढ़ी के लोगों पर रहा है। भारतीय लोकतंत्र को मजबूत बनाने, संविधान की भावना की रक्षा करने और नागरिक स्वतंत्रता एवं लोकतांत्रिक अधिकारों के लिए उनका संघर्ष हमेशा याद किया जाएगा। उन्होंने अन्याय के खिलाफ आवाज उठाकर जनता की शक्ति का महत्व स्थापित किया। उनका जीवन यह संदेश देता है कि सत्ता से बढ़कर सिद्धांत और व्यक्तिगत स्वार्थ से ऊपर राष्ट्रहित होना चाहिए।
उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम से लेकर लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा तक जयप्रकाश नारायण की भूमिका ऐतिहासिक रही। उनके विचारों ने लोगों को अन्याय के विरुद्ध खड़े होने और सामाजिक परिवर्तन के लिए संघर्ष करने की प्रेरणा दी। लोकनायक का जीवन आज भी लोकतंत्र, जनभागीदारी और सामाजिक सरोकारों के प्रति समर्पित रहने का संदेश देता है।
इस दौरान वरिष्ठ सपा नेता लाल जी शुक्ला, मदन सिंह गौतम, टिल्लू राजपूत, कमलेश तिवारी,रश्मि यादव, सुमन दिवाकर,राजनारायण बघेल, बड़े गौर, अनवर यादव, राजेश राजपूत, लल्लू प्रधान, पुष्पेंद्र यादव, विधानसभा अध्यक्ष राजकुमार गौतम, ओमवीर यादव, विजय राजपूत, डाक्टर नवीन यादव, मनीष कठेरिया, सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार