स्व-गणना को सफल बनाने में सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर निभाएं महत्वपूर्ण भूमिका: जिलाधिकारी
-16 से 30 नवंबर तक मिलेगा स्व-गणना का अवसर, सही जानकारी प्रसारित करने की अपील
औरैया, 30 सितंबर (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में जिलाधिकारी बृजेश कुमार के निर्देशन में जनगणना-2027 के तहत स्व-गणना को लेकर सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर एवं प्रतिनिधियों की बैठक बुधवार को अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) अविनाश चंद्र मौर्य की अध्यक्षता में हुई। बैठक में जनगणना के महत्व, स्व-गणना की प्रक्रिया, समय-सारणी और गोपनीयता के संबंध में जानकारी दी गई।
अपर जिलाधिकारी ने कहा कि जनगणना देश की सामाजिक, आर्थिक एवं जनसांख्यिकीय स्थिति को समझने का महत्वपूर्ण माध्यम है। इसके आंकड़ों का उपयोग विभिन्न नीतियों, योजनाओं और विकास कार्यक्रमों के निर्माण में किया जाता है। उन्होंने कहा कि जनगणना में उपलब्ध कराई जाने वाली जानकारी की गोपनीयता का विशेष ध्यान रखा जाता है।
उन्होंने बताया कि 16 से 30 नवंबर 2026 तक नागरिक स्व-गणना कर सकेंगे। निर्धारित पोर्टल के माध्यम से लोग जनगणना से संबंधित करीब 40 प्रश्नों के उत्तर स्वयं दर्ज कर सकेंगे। स्वयं जानकारी भरने से नाम, जन्मतिथि और अन्य विवरण दर्ज करने में त्रुटि की संभावना कम होगी।
अपर जिलाधिकारी ने सोशल मीडिया इंफ्लुएंसरों से अपील की कि वे जनगणना से संबंधित सही एवं प्रमाणिक जानकारी लोगों तक पहुंचाएं और अफवाह अथवा अपुष्ट सूचनाओं को बढ़ावा न दें। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया के माध्यम से बड़ी संख्या में नागरिकों को स्व-गणना के लिए जागरूक किया जा सकता है।
उन्होंने बताया कि स्व-गणना की अवधि समाप्त होने के बाद एक दिसंबर 2026 से चार जनवरी 2027 तक प्रगणक एवं सुपरवाइजर घर-घर जाकर जनगणना का कार्य करेंगे। मोबाइल एप के माध्यम से आवश्यक जानकारी दर्ज की जाएगी। बेघर और खुले स्थानों, धार्मिक स्थलों समेत अन्य स्थानों पर अस्थायी रूप से रहने वाले लोगों की भी गणना की जाएगी।
बैठक में अपर जिला सूचना अधिकारी ओमवीर सिंह, प्रभारी जिला सूचना अधिकारी योगेंद्र सिंह सहित संबंधित अधिकारी एवं सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार