1008 किलोमीटर की पैदल कांवड़ यात्रा पर निकले शिवभक्त, 14 अगस्त को बाबा भयानक नाथ का करेंगे जलाभिषेक

 


औरैया, 30 जुलाई (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में सावन माह में शिवभक्ति और आस्था का अद्भुत उदाहरण प्रस्तुत करते हुए कुदरकोट क्षेत्र के शिवभक्त गोमुख (उत्तराखंड) से पवित्र गंगाजल लेकर करीब 1008 किलोमीटर की पैदल कांवड़ यात्रा पर निकले हैं। श्रद्धालु कठिन मार्ग को पैदल तय करते हुए कुदरकोट स्थित प्राचीन बाबा भयानक नाथ मंदिर पहुंचेंगे, जहां 14 अगस्त को भगवान शिव का विधि-विधान से गंगाजल द्वारा जलाभिषेक करेंगे।

कांवड़ यात्रा में शिवानंद तिवारी, गोलू, ऋषभ, प्रदीप शर्मा, हिमांशु चक्रवर्ती, राघव दीक्षित और बंटी चौरसिया समेत कई शिवभक्त शामिल हैं। श्रद्धालुओं का कहना है कि भगवान भोलेनाथ के प्रति अटूट आस्था और विश्वास ही उन्हें इतनी लंबी एवं कठिन पैदल यात्रा पूरी करने की शक्ति देता है। यात्रा के दौरान वे बोल बम और हर-हर महादेव के जयघोष के साथ आगे बढ़ रहे हैं।

श्रावण मास में निकलने वाली इस विशेष कांवड़ यात्रा को लेकर क्षेत्र के श्रद्धालुओं में भी खासा उत्साह है। 14 अगस्त को बाबा भयानक नाथ मंदिर में होने वाले जलाभिषेक के लिए तैयारियां शुरू हो गई हैं। मंदिर परिसर को सजाया जा रहा है और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं भी की जा रही हैं।

शिवभक्तों ने बताया कि यह यात्रा केवल धार्मिक परंपरा का निर्वहन नहीं, बल्कि भगवान शिव के प्रति उनकी अटूट श्रद्धा, तप और समर्पण का प्रतीक है। श्रद्धालुओं की सुरक्षित एवं सफल यात्रा के लिए क्षेत्रवासी भी शुभकामनाएं दे रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार