विज्ञान बस पहुंची विवेकानंद इंटर कॉलेज, 540 विद्यार्थियों ने देखे वैज्ञानिक प्रयोग
औरैया, 07 अगस्त (हि. स.)। विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद उत्तर प्रदेश द्वारा संचालित विज्ञान बस शुक्रवार को जनपद औरैया के स्वामी विवेकानंद इंटर कॉलेज, सहार पहुंची। कार्यक्रम में 540 विद्यार्थियों ने आधुनिक वैज्ञानिक उपकरणों एवं प्रयोगों का अवलोकन कर विज्ञान को व्यावहारिक रूप में समझा। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों में वैज्ञानिक सोच विकसित करना और विज्ञान के प्रति रुचि बढ़ाना रहा।
विज्ञान एजुकेटर्स सुभाशीष पाण्डेय, ब्रिकेश कुमार एवं रिंकू ने विद्यार्थियों को 3-डी प्रिंटिंग तकनीक, विभिन्न माइक्रोस्कोपिक स्लाइड, न्यूटन क्रेडल, स्वरित्रमापी, वर्नियर कैलिपर्स, इन्फ्रारेड थर्मामीटर तथा अम्ल-क्षार इंडिकेटर सहित कई वैज्ञानिक उपकरणों और प्रयोगों का प्रदर्शन कराया। विद्यार्थियों ने स्वयं उपकरणों का प्रयोग कर वैज्ञानिक सिद्धांतों को समझा तथा अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया।
कार्यक्रम में राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, सहार की शिक्षिका निधि अवस्थी एवं राजकीय हाई स्कूल लखुनों के शिक्षक रामजी पोरवाल भी अपने छात्र-छात्राओं के साथ शामिल हुए। विद्यालय के प्रधानाचार्य किशोर कुमार ने जिला विज्ञान क्लब समन्वयक मोहित सिंह तथा विज्ञान एजुकेटर्स का माल्यार्पण कर स्वागत किया और उनके प्रयासों की सराहना की।
बताया गया कि विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद उत्तर प्रदेश की विज्ञान बस 27 जुलाई से जनपद के विभिन्न विद्यालयों में भ्रमण कर विद्यार्थियों को विज्ञान के प्रति जागरूक कर रही है। इस अभियान का समापन 8 अगस्त को जनता इंटर कॉलेज, बरौना कला में होगा।
कार्यक्रम के सफल संचालन में भौतिकी प्रवक्ता रामेन्द्र सिंह कुशवाहा, हिंदी प्रवक्ता दीप नारायण, अर्थशास्त्र प्रवक्ता हरेन्द्र यादव, गणित शिक्षक विपुल कुमार सहित विद्यालय के समस्त शिक्षकों एवं कर्मचारियों का सहयोग रहा।
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार