सपा की सरकार बनने पर सभी वर्गों को मिलेगा सम्मान : रुक्मिणी निषाद
-रुक्मिणी निषाद का औरैया में प्रथम आगमन पर सपा कार्यालय में हुआ कार्यक्रम
औरैया, 27 मार्च (हि. स.)। समाजवादी पार्टी की उत्तर प्रदेश महिला सभा की प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त हाेने के बाद शुक्रवार काे पहली बार रुक्मिणी निषाद पहली बार औरैया पहुंची। इस अवसर पर जिला मुख्यालय ककोर स्थित सपा कार्यालय में स्वागत कार्यक्रम का आयाेजन किया गया। कार्यक्रम की अगुवाई जिलाध्यक्ष सर्वेश बाबू गौतम ने की। कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाएं पहनाकर और मुकुट पहनाकर उनका जोरदार अभिनंदन किया।
इस दौरान रुक्मिणी निषाद ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि वह गांव-गांव और गली-गली जाकर सर्व समाज की माताओं और बहनों को जागरूक कर उन्हें आगे बढ़ाने का कार्य करेंगी। उन्होंने कहा कि महिलाओं की भागीदारी को मजबूत करना ही उनका मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने भरोसा जताया कि पूरी निष्ठा, शक्ति और समर्पण के साथ कार्य करते हुए समाजवादी पार्टी को वर्ष 2027 में सत्ता में लाने के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा। साथ ही उन्होंने कहा कि पार्टी की सरकार बनने पर सभी वर्गों को सम्मान देने का कार्य किया जाएगा।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष सर्वेश बाबू गौतम ने कहा कि रुक्मिणी निषाद को महिला सभा की प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने से समाज में सकारात्मक संदेश गया है। कार्यक्रम में वरिष्ठ सपा नेता लाल जी शुक्ला, महेंद्र त्रिपाठी, राजकुमार गौतम, राजनारायण बघेल, खुशी लाल निषाद, अनवर यादव, भगवती निषाद, मधु यादव, रश्मी यादव, निर्मला राजपूत, किरण, साधना यादव, प्रियंका, स्नेहलता दोहरे, मीना कठेरिया, हरी शंकर यादव, योगेश विरासिया और अजय दोहरे सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार