पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव व राहुल गांधी के पुतला दहन से सपा नेता नाराज, कार्यवाही की मांग
औरैया, 24 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में समाजवादी पार्टी (सपा) के जिलाध्यक्ष सर्वेश बाबू गौतम ने भाजपा और जिला प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की है। शुक्रवार को शहर के जालौन चौराहे के समीप स्थित एक होटल में आयोजित प्रेस वार्ता में 22 अप्रैल को भाजपा से जुड़े महिला विंग और युवा मोर्चा के कुछ पदाधिकारियों द्वारा पैदल मार्च निकालकर राहुल गांधी और सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के पुतले दहन पर नाराजगी जताई और कार्रवाई की मांग की।
सर्वेश बाबू गौतम ने कहा कि इस प्रकार का कृत्य पूरी तरह से लोकतांत्रिक मर्यादाओं के विरुद्ध है और सत्ता पक्ष के लोगों द्वारा इस तरह का व्यवहार अनुचित है। उन्होंने आरोप लगाया कि यदि विपक्ष के कार्यकर्ता ऐसा करते तो प्रशासन तत्काल कठोर कार्रवाई करता, लेकिन इस मामले में भाजपा से जुड़े लोगों पर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। उन्होंने प्रशासन की पक्षपातपूर्ण कार्यशैली का उदाहरण बताया।
उन्होंने यह भी कहा कि पुतला दहन और विरोध प्रदर्शन जैसे कदम सामान्यतः विपक्ष की भूमिका का हिस्सा होते हैं, जबकि सत्ता पक्ष द्वारा इस प्रकार की गतिविधियां लोकतांत्रिक परंपराओं के विपरीत हैं। उनके अनुसार भाजपा इस तरह के कदम इसलिए उठा रही है क्योंकि उसे आगामी चुनावों में अपनी स्थिति कमजोर लग रही है और हार की आशंका सता रही है।
-------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार