औरैया में सम्पूर्ण समाधान दिवस में सुनी गयीं 181 शिकायतें, 20 का मौके पर निस्तारण

 


-जिलाधिकारी बृजेश कुमार और एसपी अभिषेक भारती ने सुनीं फरियाद

औरैया, 01 अगस्त (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में सदर तहसील सभागार में माह के प्रथम शनिवार के अवसर पर सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी बृजेश कुमार एवं पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती ने की। इस दौरान दोनों अधिकारियों ने फरियादियों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और संबंधित विभागीय अधिकारियों को शिकायतों के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।

सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 181 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें से 20 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष प्रकरणों को संबंधित विभागों को सौंपते हुए निर्धारित समय सीमा के भीतर निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी बृजेश कुमार ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक शिकायत का गंभीरता से निस्तारण किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा निस्तारण के दौरान शिकायतकर्ता की संतुष्टि का विशेष ध्यान रखा जाए।

पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती ने पुलिस विभाग से संबंधित शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों में त्वरित एवं निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

सम्पूर्ण समाधान दिवस में सभी जिला स्तरीय अधिकारी, तहसील एवं पुलिस प्रशासन के अधिकारी तथा संबंधित विभागों के कर्मचारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने मौके पर पहुंचे फरियादियों की समस्याएं सुनकर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार