पिकअप लोडर की टक्कर से एलएलबी छात्र की मौत
कॉलेज से बाइक से घर लौटते समय हुआ हादसा, परिवार में मचा कोहराम
औरैया, 30 सितंबर (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में फफूंद अछल्दा मार्ग पर टीकमपुर गांव के पास बुधवार दोपहर पिकअप लोडर की टक्कर से बाइक सवार एलएलबी छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दिबियापुर पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
गांव भूरेपुर निवासी 22 वर्षीय राघवेंद्र उर्फ छून्नू पुत्र राजू उर्फ राजेंद्र शर्मा औरैया स्थित जीएस लॉ कॉलेज में एलएलबी का छात्र था। बुधवार को वह रोज की तरह कॉलेज गया था। दोपहर करीब 2:30 बजे बाइक से वापस गांव लौट रहा था। अछल्दा मार्ग पर टीकमपुर गांव के पास पहुंचते ही सामने से आ रहे पिकअप लोडर ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना की जानकारी ग्रामीणों ने पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल छात्र को एंबुलेंस से सीएचसी दिबियापुर भेजा, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
राघवेंद्र दो भाइयों और तीन बहनों में सबसे छोटा था। थानाध्यक्ष देवेंद्र कुमार ने बताया कि पिकअप लोडर को थाने में खड़ा करा लिया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार