षड्यंत्र के तहत इतिहास में भुला दिए गए महान योद्धा : संजय
औरैया, 21 सितंबर (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में प्रज्ञा प्रवाह (ब्रह्मावर्त परिषद), कानपुर प्रांत के तत्वावधान में दिबियापुर स्थित अध्ययन केंद्र में मासिक परिचर्चा का आयोजन किया गया। परिचर्चा का विषय ‘भारतीय इतिहास के भुलाए गए महान योद्धा’ रहा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि इतिहास संकलन समिति के अखिल भारतीय सह संगठन मंत्री संजय जी रहे।
उन्होंने भारतीय इतिहास, हिंदू सामर्थ्य तथा राष्ट्र जीवन में इतिहास-बोध की आवश्यकता पर विचार व्यक्त करते हुए कहा कि इतिहास केवल ज्ञान प्राप्त करने का माध्यम नहीं है, बल्कि समाज के चिंतन को सकारात्मक दिशा देने का प्रभावी साधन है। अध्ययन केंद्रों के माध्यम से युवाओं में अध्ययन की प्रवृत्ति के साथ राष्ट्रीय दृष्टिकोण का विकास होता है।
उन्होंने स्थानीय शोधार्थियों और अध्येताओं का आह्वान करते हुए कहा कि अपने स्थानीय इतिहास का शोधपरक अध्ययन किया जाना चाहिए। भारत के प्रत्येक क्षेत्र में ऐसे अनेक वीर-वीरांगनाएं और ऐतिहासिक विरासतें हैं, जिन्हें मुख्यधारा के इतिहास में उचित स्थान नहीं मिल सका। स्थानीय योद्धाओं और विरासतों की सही जानकारी जुटाकर उन्हें जनता के सामने लाना तथा भावी पीढ़ियों तक पहुंचाना समय की आवश्यकता है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. जीएन अग्रवाल ने की। उन्होंने कहा कि ब्रह्मावर्त परिषद द्वारा संचालित अध्ययन केंद्र क्षेत्र में भारतीय संस्कृति, इतिहास और परंपराओं के उत्थान एवं प्रसार की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य कर रहा है। इससे समाज में राष्ट्रीय विचारों को लेकर नई चेतना का जागरण हुआ है।
प्रांत संयोजक मुनीश त्रिपाठी ने संगठन का परिचय देते हुए प्रज्ञा प्रवाह के उद्देश्यों एवं कार्यों की जानकारी दी। परिचर्चा में डॉ. कौशलेन्द्र त्रिपाठी, डॉ. अनिरुद्ध प्रताप सिंह, कमलेश त्रिपाठी और विनीत त्रिपाठी आदि ने इतिहास के भुलाए गए योद्धाओं पर अपने विचार रखे। नगर के वरिष्ठ कवि अरुण दीक्षित और पवन दुबे ने वीररस की कविताओं का पाठ किया। पूर्व मंत्री लाखन सिंह राजपूत भी पूरे समय कार्यक्रम में मौजूद रहे।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. भूपेंद्र प्रताप, प्रांत सह संयोजक ने किया। अतिथियों एवं उपस्थित विद्वजनों का आभार प्रांत युवा आयाम संयोजक रजत दुबे ने व्यक्त किया। इस अवसर पर आचार्य राघवेंद्र शुक्ला, डॉ. सुवेंद्र सिंह, सुमन चतुर्वेदी, कुलदीप पोरवाल, प्रमोद पाल, देवेंद्र राजपूत, जिला संयोजक आशीष मिश्रा, युवा आयाम संयोजक सत्या राजपूत, गिरीश तिवारी, सुशांत त्रिपाठी, नरेंद्र सिंह एडवोकेट, डॉ. अनिल तिवारी आदि मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार