कौन बनेगा रमन और कौन बनेगी क्यूरी के आठवें आयोजन की घोषणा

 


कौन बनेगा रमन और कौन बनेगी क्यूरी के आठवें आयोजन की घोषणा

चार चरणों में होंगी प्रतियोगिताएं, प्रत्येक कक्षा से छात्र-छात्रा हाेंगे विजेता

औरैया, 10 सितम्बर (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच, जिज्ञासा और विज्ञान के प्रति रुचि विकसित करने के उद्देश्य से स्वामी विवेकानंद इंटर कॉलेज सहार में वर्ष 2019 से संचालित अभिनव कार्यक्रम ‘कौन बनेगा रमन और कौन बनेगी क्यूरी’ के आठवें आयोजन की घोषणा की गई है। प्रतियोगिताएं 02 अक्टूबर से 07 नवंबर तक चार चरणों में आयोजित होंगी।

कार्यक्रम के संयोजक एवं भौतिकी प्रवक्ता रामेन्द्र सिंह कुशवाहा ने बताया कि कक्षा एक से 12 तक के सभी छात्र-छात्राएं प्रतियोगिता में प्रतिभाग कर सकेंगे। प्रथम चरण में दो अक्टूबर को गांधी जयंती के अवसर पर विद्यार्थियों को कोई नैतिक कार्य करते हुए उसका फोटो अथवा वीडियो भेजना होगा। यह चरण ऑनलाइन आयोजित किया जाएगा।

दूसरे चरण में 15 अक्टूबर को विद्यार्थियों को विज्ञान अथवा किसी वैज्ञानिक के जीवन एवं योगदान पर आधारित रील या शॉर्ट वीडियो तैयार करना होगा। तीसरे चरण में 30 अक्टूबर को संबंधित कक्षा की विज्ञान पुस्तिका में निर्धारित पाठ्यक्रम के आधार पर लिखित परीक्षा होगी।

अंतिम चरण में सात नवंबर को महान वैज्ञानिक सीवी रमन एवं मैडम क्यूरी के जन्मदिवस के अवसर पर विज्ञान मॉडल प्रदर्शनी और पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया जाएगा। प्रत्येक कक्षा से एक छात्र और एक छात्रा को विजेता चुना जाएगा। विजेता छात्र को ‘आई एम रमन’ तथा छात्रा को ‘आई एम क्यूरी’ अवार्ड से सम्मानित किया जाएगा।

प्रधानाचार्य किशोर कुमार ने कार्यक्रम को स्वीकृति देते हुए कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने के साथ उनकी प्रतिभा और रचनात्मकता को मंच प्रदान करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से प्रतियोगिता में उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करने का आह्वान किया।

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार