प्रोजेक्ट नई किरण से फिर मिले 11 बिखरे परिवार

 


औरैया, 30 अगस्त (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद के पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती के निर्देशन में महिला थाना औरैया में प्रोजेक्ट नई किरण के तहत परिवार परामर्श कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महिला थाना प्रभारी पूजा राठौर ने की।

इस दौरान ऐसे 11 परिवारों के मामलों की सुनवाई की गई, जो आपसी वैचारिक मतभेद और पारिवारिक विवादों के चलते लंबे समय से अलग रह रहे थे। पति-पत्नी के बीच बढ़ती दूरियों के कारण परिवार टूटने की स्थिति में पहुंच गए थे।

महिला थाना पुलिस एवं प्रोजेक्ट नई किरण की टीम ने दोनों पक्षों को समझाकर उनके बीच चल रहे मनमुटाव और कलह को दूर करने का प्रयास किया।

काउंसलिंग के बाद सभी 11 परिवार एक साथ रहने के लिए राजी हो गए। इसके बाद पति-पत्नी को आपसी सहमति के साथ पुनः एकजुट कर उनके परिवारों के साथ हंसी-खुशी विदा किया गया।

महिला थाना प्रभारी पूजा राठौर ने बताया कि प्रोजेक्ट नई किरण का उद्देश्य पारिवारिक विवादों को बातचीत और आपसी समझदारी के माध्यम से सुलझाकर बिखरते परिवारों को एक सूत्र में बांधना है। उन्होंने कहा कि यह पहल समाज में पारिवारिक मूल्यों को मजबूत करने और वैवाहिक जीवन में सामंजस्य स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार