शराब की लत को लेकर पत्नी से विवाद, हाईवे किनारे पेड़ पर फंदे से लटका मिला राजमिस्त्री

 


औरैया, 26 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में अजीतमल कोतवाली क्षेत्र मुरादगंज कस्बे की नई बस्ती निवासी 35 वर्षीय राजमिस्त्री ने हाईवे किनारे खाली प्लाॅट में खड़े नीम के पेड़ पर प्लास्टिक की रस्सी से फंदा लगाकर जान दे दी। राहगीरों की सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की जानकारी पर फोरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची और साक्ष्य संकलित किए। युवक के शराब का आदी होने की बात सामने आई है।

नई बस्ती मुरादगंज निवासी गिरिंद्र (35) पुत्र स्व. रमेश कुमार राजमिस्त्री का काम कर परिवार का पालन-पोषण करता था। वह अपने माता-पिता की इकलौती संतान था। करीब छह वर्ष की उम्र में ही उसके पिता रमेश कुमार की मौत हो गई थी। इसके बाद उसकी मां गुड्डी देवी ने ही उसका पालन-पोषण कर बड़ा किया।

करीब दस वर्ष पहले गिरिंद्र की शादी बघईपुर खेड़ा चिमकुनी निवासी अंजू के साथ हुई थी। दंपती के तीन बच्चे दिशांत (8), जाह्नवी (6) और बेटू (2) हैं। परिजनों के अनुसार, पिछले कुछ दिनों से शराब पीने की लत को लेकर गिरिंद्र और उसकी पत्नी अंजू के बीच विवाद चल रहा था। विवाद के बाद अंजू बच्चों को छोड़कर मायके चली गई थी। इसके बाद से गिरिंद्र परेशान चल रहा था।

परिजनों के अनुसार, बुधवार करीब 11 बजे गिरिंद्र हाईवे चौराहे से कोल्ड ड्रिंक खरीदने के बाद सर्विस रोड किनारे स्थित खाली प्लाॅटों की ओर चला गया। करीब एक घंटे बाद वहां से गुजर रहे राहगीरों की नजर नीम के पेड़ पर पड़ी तो युवक को फंदे से लटका देखा। राहगीरों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को नीचे उतरवाया।

पुलिस क्षेत्राधिकारी मनोज गंगवार ने बताया कि युवक का शव पेड़ पर फंदे से लटका मिला था। पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक साक्ष्य संकलित किए हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जा रही है।

घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। मां गुड्डी देवी समेत अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा। तीन छोटे बच्चों के सिर से पिता का साया उठ जाने से कस्बे में भी शोक की लहर दौड़ गई।

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार