प्रोजेक्ट 'नई किरण' से 16 बिखरे परिवार फिर हुए एक
औरैया, 02 अगस्त (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती के निर्देश पर रविवार को महिला थाना परिसर में थाना प्रभारी पूजा राठौर की अध्यक्षता में प्रोजेक्ट नई किरण का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान आपसी वैचारिक मतभेद और पारिवारिक कलह के कारण अलग रह रहे 16 परिवारों की काउंसलिंग कर पति-पत्नी के बीच सुलह कराई गई।
महिला थाना प्रभारी पूजा राठौर और प्रोजेक्ट नई किरण की टीम ने दोनों पक्षों को धैर्यपूर्वक समझाते हुए रिश्तों में आई दूरियों को खत्म करने का प्रयास किया। काउंसलिंग के बाद सभी 16 दंपति आपसी सहमति से फिर एक साथ रहने के लिए तैयार हो गए। इसके बाद सभी परिवारों को खुशी-खुशी उनके घर रवाना किया गया।
पुलिस का कहना है कि प्रोजेक्ट नई किरण का उद्देश्य पारिवारिक विवादों का शांतिपूर्ण समाधान कर बिखरते परिवारों को फिर से एक सूत्र में जोड़ना है। कार्यक्रम में प्रोजेक्ट नई किरण से जुड़े अन्य सदस्य भी मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार