योग शिविर में विद्यार्थियों को याेगासन कर स्वस्थ जीवनशैली का दिया संदेश

 


योग प्रशिक्षक ने याेगासन एवं प्राकृतिक चिकित्सा से निरोग रहने के बताए सरल उपाय

औरैया, 01 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में राजकीय होम्योपैथिक चिकित्सालय औरैया के योग वैलनेस सेंटर की ओर से राष्ट्रीय आयुष मिशन के निर्देशानुसार शनिवार को नगर पालिका इंटर कॉलेज में एक दिवसीय योग एवं स्वास्थ्य जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में करीब एक हजार छात्र-छात्राओं एवं विद्यालय परिवार ने सहभागिता की।

वरिष्ठ योग प्रशिक्षक योगेंद्र कुमार मिश्र ने विद्यार्थियों को अनुशासित जीवन, आपसी संवाद, बढ़ते अपराधों से बचाव तथा सकारात्मक जीवनशैली के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को संतुलित खानपान, सही दिनचर्या, योग एवं प्राणायाम के माध्यम से स्वस्थ रहने के सरल उपाय बताए। साथ ही जियो और जीने दो का संदेश देते हुए जीवन जीने की कला पर प्रेरक विचार साझा किए।

शिविर में प्रधानाचार्य सुनील मिश्र सहित विद्यालय परिवार की उपस्थिति में सूक्ष्म व्यायाम, भस्त्रिका प्राणायाम तथा अन्य योगाभ्यास कराए गए। योग प्रशिक्षक ने बताया कि नियमित योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा अपनाकर बिना दवाओं के भी अनेक सामान्य स्वास्थ्य समस्याओं से बचाव संभव है।

द्वितीय सत्र में योग वैलनेस सेंटर पर कुल 27 मरीजों को परामर्श एवं योग चिकित्सा दी गई। इनमें 21 नए एवं छह पुराने मरीज शामिल रहे। उपचार प्राप्त करने वालों में 12 पुरुष और 15 महिलाएं थीं। मरीजों को गलत खानपान, खड़े होकर ठंडा पानी पीने जैसी आदतों से होने वाली शारीरिक समस्याओं, विशेषकर सूजन आदि के कारणों की जानकारी देते हुए योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा के माध्यम से स्वस्थ रहने के उपाय बताए गए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार