खुले में बिक रहे खाजा पर खाद्य विभाग का शिकंजा, चार नमूने लिए

 


औरैया, 26 जुलाई (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में जिलाधिकारी बृजेश कुमार के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने रविवार को जिले में खुले में बिक रहे खाद्य पदार्थों के खिलाफ अभियान चलाया। सहायक आयुक्त (खाद्य) द्वितीय सुनील कुमार के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने शहर और फफूंद क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए खाजा और दूध के कुल चार नमूने जांच के लिए संग्रहीत किए।

नगर पालिका क्षेत्र के सुभाष चौराहे स्थित राहुल स्वीट हाउस, बाबा स्वीट हाउस तथा खानपुर चौराहे के आलोक स्वीट हाउस पर खुले में रखे खाजा के नमूने लिए गए। कार्रवाई के दौरान दुकानों के काउंटर पर खुले में रखे खाजा को तत्काल हटवाया गया। अधिकारियों ने दुकानदारों को भविष्य में खाद्य पदार्थ खुले में न रखने की सख्त चेतावनी दी।

खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 के तहत तीनों प्रतिष्ठानों को समयबद्ध सुधार नोटिस जारी किए गए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि निर्देशों की अनदेखी करने पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जुर्माना लगाया जाएगा।

उधर, खाद्य सुरक्षा अधिकारी अनिल कुमार शंखवार ने फफूंद क्षेत्र में मिश्रित दूध के दो नमूने भी जांच के लिए संग्रहीत किए। सभी नमूनों को खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद संबंधित खाद्य कारोबारियों के खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

सहायक आयुक्त (खाद्य) सुनील कुमार ने बरसात के मौसम में लोगों से खुले में रखे खाद्य पदार्थों का सेवन न करने की अपील की। उन्होंने सभी दुकानदारों को खाद्य सामग्री ढककर रखने और खाद्य सुरक्षा मानकों का पूर्ण पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार