एक विचित्र पहल सेवा समिति ने बैठक कर प्रभु जगन्नाथ शोभायात्रा की तैयारियों पर किया मंथन
1 जुलाई से जिला अस्पताल में मरीजों को मिलेगा निःशुल्क जलपान, स्वास्थ्य जांच सेवा भी होगी शुरू
औरैया, 21 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में समाजसेवी संगठन एक विचित्र पहल सेवा समिति की आवश्यक बैठक रविवार को डॉ. भीमराव अंबेडकर पार्क में समिति के अध्यक्ष राजीव पोरवाल (रानू) की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में महिला शाखा “सखी ग्रुप” द्वारा आगामी 16 जुलाई को आयोजित होने वाली प्रभु जगन्नाथ जी की भव्य शोभायात्रा एवं नगर भ्रमण कार्यक्रम की तैयारियों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
समिति अध्यक्ष राजीव पोरवाल ने बताया कि गत वर्षों की भांति इस वर्ष भी प्रभु जगन्नाथ शोभायात्रा 16 जुलाई को गाजे-बाजे एवं धार्मिक उल्लास के साथ नगर के प्रमुख मार्गों से निकाली जाएगी। शोभायात्रा को लेकर समिति के सदस्यों को विभिन्न जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
बैठक में समिति द्वारा एक अनूठी सामाजिक पहल की भी घोषणा की गई। इसके अंतर्गत आगामी 1 जुलाई 2026 से 50 सैया जिला अस्पताल में भर्ती मरीजों को प्रतिदिन प्रातः 7 बजे चाय, दूध, बिस्किट, ब्रेड आदि का निःशुल्क जलपान कराया जाएगा। इसके साथ ही अटल आश्रय गृह, औरैया के सामने स्थित समिति के सदस्यों के निवास पर प्रतिदिन सुबह 8 बजे से 10 बजे तक ब्लड प्रेशर, मधुमेह एवं ब्लड शुगर सहित विभिन्न स्वास्थ्य जांचें निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी।
इस सेवा कार्यक्रम का मुख्य संयोजक पुरुष जिला चिकित्सालय उरई से 30 जून को सेवानिवृत्त होने वाले वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. शिवकुमार सोनी को बनाया गया है। उन्होंने कहा कि मरीजों की सेवा का सपना अब धरातल पर उतारते हुए समाजहित में निरंतर कार्य किया जाएगा।
बैठक के उपरांत समिति द्वारा संचालित “जीवनधारा पौधारोपण अभियान” के अंतर्गत डॉ. भीमराव अंबेडकर पार्क में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। अभियान का लक्ष्य 5100 पौधे रोपित करने का रखा गया है। कार्यक्रम के संयोजक सोनू यादव की देखरेख में समिति सदस्यों ने अशोक, रबर प्लांट, चितवन, हरसिंगार, पकड़िया, चांदनी, आंवला एवं गुड़हल सहित विभिन्न पौधों का रोपण किया। साथ ही पौधों की देखभाल की जिम्मेदारी पार्क के आसपास रहने वाले लोगों को सौंपी गई।
समिति के संस्थापक आनंद नाथ गुप्ता एडवोकेट ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण एवं प्राकृतिक धरोहरों को सुरक्षित रखने के लिए अधिक से अधिक पौधारोपण अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने लोगों से पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक होने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में समिति के संरक्षक भगवान पोरवाल, अनिल कुमार सोनी, तिलक इंटर कॉलेज के प्रवक्ता डॉ. उपेंद्रनाथ मिश्रा, डॉ. शिवकुमार सोनी, आदित्य पोरवाल, एल.एन. गुप्ता, सौरभ यादव, हिमांशु दुबे, रामचंद्र सोनी, अरविंद कुमार एवं सतीश पोरवाल सहित अनेक पर्यावरण प्रेमी एवं समिति सदस्य उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार