प्रवक्ता परीक्षा : जिलाधिकारी और एसपी ने परीक्षा केंद्रों का किया निरीक्षण, आवश्यक दिशा-निर्देश दिए

 


औरैया, 13 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) द्वारा आयोजित होने वाली प्रवक्ता राजकीय इंटर कॉलेज (पुरुष/महिला) प्रारंभिक परीक्षा-2025 को सकुशल, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी बृजेश कुमार एवं पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता, प्रवेश एवं निकास व्यवस्था, कक्षों की तैयारियों तथा परीक्षार्थियों के लिए उपलब्ध कराई गई मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने केंद्र व्यवस्थापकों एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि परीक्षा संचालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा आयोग की सभी गाइडलाइन का पूर्णतः पालन सुनिश्चित किया जाए।

जिलाधिकारी ने बताया कि यह परीक्षा 14 जून 2026 को जनपद के 09 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। परीक्षा का समय प्रातः 09:30 बजे से 11:30 बजे तक निर्धारित है। नकल विहीन और शांतिपूर्ण ढंग से परीक्षा संपन्न कराने के लिए प्रत्येक केंद्र पर सेक्टर/स्टेटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र प्रतिनिधि और पर्यवेक्षकों की नियुक्ति की गई है। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल भी तैनात किया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार