सड़क हादसे में सगे भाइयों की मौत, पिकअप चालक गंभीर घायल

 


औरैया, 30 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश जनपद जालौन के कुठौंद क्षेत्र अंतर्गत हाईवे पर गुरुवार तड़के भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार सगे भाइयों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि पिकअप चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची यूपीडा एंबुलेंस ने घायल को उपचार के लिए औरैया जनपद के 50 शैय्या संयुक्त चिकित्सालय पहुंचाया। वहीं मृत भाइयों के शवों का औरैया कोतवाली पुलिस ने पोस्टमार्टम भेजते हुए कार्रवाई की।

जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह करीब पांच बजे पड़ोसी जनपद जालौन के कौंच निवासी नसीर (26) और उनके बड़े भाई शहीद (48) बाइक से किसी कार्य से जा रहे थे। कुठौंद थाना क्षेत्र में हाईवे पर सामने से आ रही पिकअप से उनकी जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार दोनों भाई और पिकअप चालक गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे की सूचना मिलते ही यूपीडा एंबुलेंस मौके पर पहुंची और तीनों घायलों को औरैया जनपद के 50 शैय्या संयुक्त चिकित्सालय पहुंचाया। चिकित्सकों ने बाइक सवार सगे भाई नसीर और शहीद को मृत घोषित कर दिया, जबकि पिकअप चालक शेर सिंह निवासी ललितपुर की हालत गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया।

घटना की सूचना मिलने पर कोतवाली औरैया के प्रभारी राजकुमार सिंह पुलिस बल के साथ अस्पताल पहुंचे। उन्होंने बताया कि मृतकों के शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया तथा मृतकों के परिजनों को हादसे की सूचना दे दी। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार