काम की तलाश में जा रहे युवक की सड़क हादसे में मौत

 


औरैया, 28 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में सदर कोतवाली थाना क्षेत्र में काम की तलाश में राजस्थान जा रहे एक युवक को शनिवार देर रात खानपुर चौराहे पर वाहन का इंतजार करते समय तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। गंभीर हालत में उसे जिला संयुक्त चिकित्सालय 50 शैया औरैया पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।

मृतक की पहचान पुरवा गोविंद, हरचंदपुर निवासी बहादुर (20) के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, बेटा बहादुर शनिवार रात करीब 11 बजे अपने भाई के पास राजस्थान जाने के लिए घर से निकला था। वह खानपुर चौराहे पर किसी वाहन का इंतजार कर रहा था, तभी तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसे अपनी चपेट में ले लिया।

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत थाना पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल युवक को जिला अस्पताल भिजवाया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। रविवार सुबह करीब आठ बजे परिजन सदर कोतवाली पहुंचे, जिसके बाद कोतवाल राजकुमार सिंह ने बताया कि आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

कोतवाली प्रभारी ने बताया कि मृतक बहादुर तीन भाइयों और तीन बहनों में दूसरे नंबर का था। उसकी तीनों बहनों की शादी हो चुकी है। परिवार की आर्थिक स्थिति सामान्य है और उसके पिता रामचंद्र खेती-बाड़ी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं।

पुलिस अज्ञात वाहन और चालक की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार