औरैया में बेकाबू कार की टक्कर से एक की मौत, युवक गंभीर घायल

 


औरैया, 22 मार्च (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जिले के फफूंद थाना क्षेत्र के गांव तुलसीपुर में देर रात कार की टक्कर से एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। अनियंत्रित काले रंग की इस कार सड़क किनारे खड़े इन लाेगाें काे टक्कर मारते हुए एक मकान की दीवार तोड़ते हुए अंदर जा घुसी।

घटना गांव की मुख्य सड़क पर उस समय हुई जब 52 वर्षीय हकीम पुत्र सेवाराम और 20 वर्षीय विजय पुत्र लाल सिंह सड़क किनारे खड़े थे। तभी विपरीत दिशा से तेज रफ्तार में आ रही कार ने दोनों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद कार अनियंत्रित होकर पास में स्थित प्रताप नामक व्यक्ति के घर की लगभग 10 फीट ऊंची दीवार तोड़ते हुए अंदर घुस गई।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने तुरंत एंबुलेंस को सूचना दी, लेकिन देरी होने पर दोनों घायलों को निजी वाहन से सैफई भेजा गया। सूचना मिलते ही 112 पीआरवी और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई। सैफई में उपचार के दौरान हकीम (52) ने रविवार को तड़के सुबह दम तोड़ दिया, जबकि विजय (20) का इलाज जारी है।

मृतक हकीम सिंह गांव तुलसीपुर के निवासी थे और दिल्ली में एमटीएनएल टेलीफोन विभाग में कार्यरत थे। वह 14 मार्च को अपने छोटे भाई शिवपाल की बेटी की शादी में शामिल होने के लिए गांव आए थे। हादसे में उनके निधन से गांव में शोक की लहर है। वह अपने पीछे पत्नी प्रेमलता, तीन बेटे और दो बेटियां छोड़ गए हैं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। फफूंद थाना प्रभारी अजय कुमार ने बताया कि मामले की जानकारी है तहरीर प्राप्त होने पर उचित कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार