औरैया में हाईवे पर ट्रेलर-ट्रक की भीषण भिड़ंत में क्लीनर की मौत, चालक समेत दो घायल
औरैया, 09 जुलाई (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में कोतवाली क्षेत्र में इटावा-औरैया हाईवे पर ग्राम बाकरपुर के सामने गुरुवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे में एक क्लीनर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक समेत दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद हाईवे पर कुछ देर तक यातायात बाधित रहा। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य कर घायलों को अस्पताल पहुंचाने के साथ यातायात सुचारु कराया।
कोतवाली प्रभारी राजकुमार सिंह के अनुसार गुरुवार तड़के करीब 1:35 बजे राजस्थान नंबर RJ-11 GC-7926 ट्रेलर और तेलंगाना नंबर TS-03 UC-0678 ट्रक के बीच आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रेलर का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार क्लीनर मोहित (22) पुत्र अशोक ठाकुर, निवासी नौनी, थाना गजनेर, जनपद आगरा की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं ट्रक चालक रेमा रेड्डी और क्लीनर रामबाबू केबिन में बुरी तरह फंस गए। सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त केबिन को हटाकर दोनों को बाहर निकाला। इसके बाद एंबुलेंस से दोनों घायलों को 50 शैय्या जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उनका उपचार जारी है।
हादसे के चलते इटावा-औरैया हाईवे पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। पुलिस ने तत्काल क्रेन मंगवाकर दुर्घटनाग्रस्त ट्रेलर और ट्रक को सड़क से हटवाया, जिसके बाद यातायात सामान्य कराया गया। कोतवाली प्रभारी राजकुमार सिंह ने बताया कि मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मृतक और घायलों के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। प्रारंभिक जांच में दुर्घटना तेज रफ्तार और आमने-सामने की टक्कर के कारण होना प्रतीत हो रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार