हाईगेज टूटने से ओवरलोड वाहनों की आवाजाही बढ़ी, रेलवे क्रॉसिंग पर लग रहा जाम
-चार दिन से टूटा पड़ा है बैरियर, जिम्मेदारों ने नहीं ली सुध
औरैया, 20 सितंबर (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में कंचौसी रेलवे क्रॉसिंग पर आए दिन लगने वाले जाम से निजात दिलाने के लिए पीडब्ल्यूडी विभाग की ओर से जमौली गांव स्थित बाबा ब्रह्मदेव मंदिर के पास लगाया गया हाईगेज बैरियर टूटने से अब ओवरलोड वाहन धड़ल्ले से निकल रहे हैं। बैरियर को टूटे चार दिन बीत चुके हैं, लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों ने अभी तक इसकी मरम्मत नहीं कराई है। इससे कंचौसी रेलवे क्रॉसिंग पर एक बार फिर वाहनों का दबाव बढ़ने लगा है और जाम की समस्या गहराने लगी है।
ग्रामीणों के मुताबिक, कंचौसी रेलवे क्रॉसिंग पर आए दिन लगने वाले जाम को देखते हुए भारी और ओवरलोड वाहनों का आवागमन नियंत्रित करने के लिए जमौली गांव में बाबा ब्रह्मदेव मंदिर के पास हाईगेज लगाया गया था। इससे बड़े वाहनों को रोकने में मदद मिल रही थी और रेलवे क्रॉसिंग पर जाम की समस्या भी कम हुई थी।
चार दिन पहले किसी बड़े अज्ञात वाहन की टक्कर से हाईगेज का बैरियर टूट गया। इसके बाद से बड़े और ओवरलोड वाहन जमौली मार्ग से होकर धड़ल्ले से गुजर रहे हैं। इससे रेलवे क्रॉसिंग पर वाहनों का दबाव बढ़ने के साथ ही जाम की समस्या फिर से शुरू हो गई है।
ग्रामीणों का आरोप है कि बैरियर टूटने की जानकारी होने के बावजूद संबंधित विभाग के अधिकारियों ने अब तक इसकी मरम्मत नहीं कराई है। लोगों ने पीडब्ल्यूडी विभाग से जल्द हाईगेज दुरुस्त कराने और ओवरलोड वाहनों के आवागमन पर रोक लगाने की मांग की है, ताकि रेलवे क्रॉसिंग पर लगने वाले जाम से राहगीरों को राहत मिल सके।
इस संबंध में पीडब्ल्यूडी के एक्सईएन अमर सिंह ने बताया कि टूटे हाईगेज को जल्द दुरुस्त कराया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार