औरैया में ड्यूटी के दौरान बिगड़ी तबीयत, रेलवे के ग्रुप-डी हेल्पर की मौत

 


औरैया, 13 जुलाई (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद के दिबियापुर क्षेत्र के बीरपुर गांव निवासी रेलवे के ग्रुप-डी हेल्पर की ड्यूटी के दौरान अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। मृतक विजय सिंह (55) पुत्र अहिवरन सिंह रेलवे में ग्रुप-डी हेल्पर के पद पर कार्यरत थे। ड्यूटी के दौरान अचानक उनकी तबीयत खराब हो गई। हालत बिगड़ने पर उन्होंने अपने बेटे मोहित को फोन कर दिबियापुर बुलाया। बेटे के पहुंचने के बाद परिजन उन्हें मोटरसाइकिल से उपचार के लिए चिचौली ले गए।

रविवार को विजय सिंह को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां देर रात इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। विजय सिंह अपने पीछे पत्नी मीरा देवी तथा तीन पुत्र मोहित सेंगर, सोहित सेंगर और विशाल सेंगर को छोड़ गए हैं। उनके असामयिक निधन से परिवार सहित गांव में शोक की लहर दौड़ गई। घटना की सूचना पर पुलिस अस्पताल पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव का पंचायतनामा भरवाया। दिबियापुर थाना प्रभारी सत्य प्रकाश ने बताया कि सोमवार सुबह शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार